सुरजीत एक साधारण किसान था। उसने बेटे को विदेश भेजने के लिए कर्ज लिया था। ट्रेवल एजेंट ने उसके बेटे को वांछित कॉलेज में दाखिला न दिलाकर किसी दूसरे कॉलेज में दाखिला दिलवाया था जिसका पता लगने पर पिता ने सुसाइड कर लिया।
उपमंडल जैतो के गांव मत्ता में एक किसान ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 54 वर्षीय सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। सुरजीत ने अपने बेटे को कनाडा भेजने के लिए एक ट्रेवल एजेंट दविंदर सिंह को 15 लाख रुपये दिए थे। ट्रेवल एजेंट ने बेटे को वांछित कॉलेज में दाखिला न दिलाकर किसी दूसरे कॉलेज में दाखिला दिलवा दिया।
विज्ञापन
बेटे को विदेश भेजने के लिए लिया था लोन
परिवार के अनुसार सुरजीत एक साधारण किसान था। उसने बेटे को विदेश भेजने के लिए कर्ज लिया था। गुरुवार को पुलिस को घटना की सूचना मिली। एएसआई जसवंत सिंह और हेड कांस्टेबल बूटा सिंह की टीम मौके पर पहुंची। चढ़दी कला वेलफेयर सेवा सोसायटी की मदद से किसान को कोटकपूरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट हुआ बरामद
डीएसपी जैतो मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है। नोट में ट्रेवल एजेंट पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस ने ट्रेवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक के शव को फरीदकोट के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।