कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए लागू बंद के बीच विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों को लाने के लिए शुरू किए गए 'वंदे भारत अभियान' के तहत शुक्रवार को 333 लोगों को लंदन से चेन्नई लाया गया। ये सभी एयर इंडिया के विमान से यहां पहुंचे। 300 भारतीय नागरिकों के साथ एयर इंडिया का विशेष विमान अमेरिका से रवाना हो चुका है।
अमेरिका में फंसे तीन सौ से अधिक भारतीय नागरिक विशेष विमान से भारत लौट रहे हैं। जिनमें संयुक्त राष्ट्र में भारत के पूर्व स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन भी शामिल हैं। अमेरिका से छठी और न्यू जर्सी शहर से दूसरी उड़ान से भारत वापस आ रहे यात्रियों को नई दिल्ली और हैदराबाद ले जाया जाएगा।
भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए एअर इंडिया ने अमेरिका और भारत के बीच नौ से 15 मई तक सात गैर-निर्धारित वाणज्यिक उड़ानें तय की थीं। न्यू जर्सी के नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नई दिल्ली/हैदराबाद जाने वाले, एअर इंडिया के विमान ने तीन सौ से अधिक यात्रियों के साथ 14 मई को उड़ान भरी।