संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अपने दो साल के कार्यकाल के दौरान भारत वैश्विक-दक्षिण की आवाज के रूप में उभरा जिसने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण और अन्य वैश्विक संकटों पर गहन विचार-विमर्श किया। वर्ष 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के चलते जहां खाद्य एवं ईंधन असुरक्षा अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई, वहीं दुनिया महामारी के चलते बढ़ी असमानताओं से भी जूझती रही। आगामी 31 दिसंबर, 2022 को 15 सदस्यीय परिषद में अपनी गैर-स्थायी सीट छोड़ने से पहले, भारत ने दिसंबर में शक्तिशाली संयुक्त राष्ट्र निकाय की अध्यक्षता की, जिसमें संयुक्त राष्ट्र में देश की पहली महिला स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठीं।