कोलंबिया के दक्षिणपंथी सीनेटर मिगुएल उरीबे टर्बे को शनिवार (7 जून) को राजधानी बोगोटा में एक चुनाव प्रचार कार्यक्रम के दौरान गोली मार दी गई। इस जानलेवा हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मिगुएल उरीबे टर्बे 2026 के चुनावों के लिए एक प्रमुख राष्ट्रपति पद के दावेदार हैं। गोलीबारी की जांच कर रहे अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने बताया कि सीनेटर को हमले में दो गोलियां लगीं। हमले में दो अन्य लोग भी घायल हो गए हैं। कार्यालय के बयान के मुताबिक, घटनास्थल पर एक 15 वर्षीय लड़के को बंदूक के साथ गिरफ्तार किया गया है। कोलंबिया की सरकार ने जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए इनाम की पेशकश की है।
हमला शाम पांच बजे (स्थानीय समयानुसार) के आसपास हुआ। उन पर उस वक्त गोली चलाई गई, जब देश के विपक्षी दल सेंट्रो डेमोक्रेटिको पार्टी के उम्मीदवार उरीबे टर्बे राजधानी के मॉडेलिया में एक मंच से समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। उन पर कई गोलियां चलाई गईं। गोलियां सीनेटर की पीठ और कथित तौर पर सिर में भी लगीं। हमले के बाद वे तुरंत बेहोश हो गए। उन्हें गंभीर हालत में पास के क्लिनिक में ले जाया गया। कोलंबियाई पुलिस प्रमुख जनरल कार्लोस ट्रियाना ने बताया कि हमले के समय उरीबे टर्बे के साथ काउंसिलमैन एंड्रेस बैरियोस और 20 अन्य लोग थे।
यह भी पढ़ें-
Miguel Uribe shot: कोलंबिया में राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी मिगुएल उरीबे को गोली मारी गई, अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद मिगुएल की पत्नी ने उनके 'एक्स' अकाउंट पर पोस्ट के जरिए समर्थकों से दुआ करने को कहा। उन्होंने लिखा, 'मैं मारिया क्लाउडिया तराजोना, मिगुएल की पत्नी हूं। मिगुएल जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आइए हम ईश्वर से प्रार्थना करें कि वह उसका इलाज कर रहे डॉक्टरों के हाथों का मार्गदर्शन करें। मैं सभी से मिगुएल के जिंदगी के लिए प्रार्थना करने की अपील करती हूं। मुझे ईश्वर पर पूरा विश्वास है।'