Donald Trump
- फोटो : PTI
बाइडन प्रशासन को जमकर घेरा
ट्रंप ने पिछली जो बाइडन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'हमारे पास अब तक एक सरकार थी, जो कि एक आसान से घरेलू संकट तक का प्रबंधन नहीं कर पाई। इस दौरान वह दुनियाभर में घटनाक्रमों में उलझी रही। अमेरिकी सरकार अमेरिका के कानून का पालन करने वाले नागरिकों की सुरक्षा में नाकाम रही, लेकिन हमारे यहां खतरनाक अपराधियों को सुरक्षा दी गई, जो कि ज्यादातर जेल और दिमागी बीमारियों से जुड़े संस्थानों से भागे थे। वे दुनियाभर से अवैध तरह से अमेरिका में आए थे।'
राष्ट्रपति ने कहा, 'हमारे पास अब तक जो सरकार थी, वह विदेश में सीमाओं की रक्षा के लिए असीमित संसाधन-फंडिंग लगाती थी, लेकिन अमेरिका की सीमा और यहां रहने वाले अपने ही लोगों की रक्षा से इनकार करती थी। हमारी सरकार अब इमरजेंसी के दौरान भी अहम सेवाएं नहीं दे सकती। चक्रवाती तूफान की बात हो या लॉस एंजेलिस में आग की, जो कि अभी भी तबाही मचा रही है। इससे सबसे अमीर और ताकतवर लोगों के घर तबाह हो गए। हम ऐसा नहीं होने दे सकते।'
उन्होंने कहा कि हमारे पास एक स्वास्थ्य प्रणाली है, जो कि आपदा के समय कोई काम नहीं कर सकता, जबकि हम दुनिया में सबसे ज्यादा रकम खर्च करते हैं। हमारी शिक्षा प्रणाली पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है, जिसमें शिक्षकों और बच्चों को कई बार शर्मिंदा होना पड़ता है। अब यह सब बदल जाएगा और बहुत तेजी से बदलेगा।