जेलेंस्की बोले- पुतिन उस ‘जानवर’ जैसे, जिसकी भूख कभी नहीं मिटती
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन को ऐसा ‘जानवर’ करार दिया है, जिसकी भूख कभी नहीं मिटती। उन्होंने पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह जंग यूक्रेन तक ही नहीं रुकेगी बल्कि बाकी दुनिया को भी प्रभावित करेगी लेकिन अमेरिका इस जंग को रुकवाने में सक्षम है।
एबीसी वर्ल्ड टीवी चैनल को दिए एक साक्षात्कार में जेलेंस्की ने कहा, हर कोई सोचता है कि हम अमेरिका या कनाडा से बहुत दूर हैं। लेकिन ऐसा नहीं है, हम सब एक ही आजाद क्षेत्र में हैं और जब लोगों के अधिकारों और स्वतंत्रता की सीमाओं का उल्लंघन किया जाए तो आपको (पश्चिम) हमारी रक्षा करनी होगी। पहले हम निशाना बने हैं तो दूसरे पायदान पर आप होंगे क्योंकि वह जानवर जितना ज्यादा खाएगा, उसकी भूख उतनी ही ज्यादा बढ़ती जाएगी।
यूक्रेन के हवाई क्षेत्र को सुरक्षित करने की अपील दोहराते हुए जेलेंस्की ने कहा, रूस हम पर लगातार बमबारी कर रहा है। मिसाइल, हेलीकॉप्टर और युद्धक विमानों का आना रुक नहीं रहा है। आसमान का नियंत्रण हमारे हाथों में नहीं है। जेलेंस्की के मुताबिक, उन्हें भरोसा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन यह युद्ध रुकवाने में सक्षम हैं और वह यह काम कर सकते हैं।
अमेरिका को लेकर यूक्रेनी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब नाटो महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग युद्धग्रस्त देश पर नो-फ्लाई जोन बनाने की मांग को पूरी तरह खारिज कर चुके हैं। बीते शुक्रवार उन्होंने चेताया था कि इस कदम से यूरोप में व्यापक युद्ध भड़क सकता है।
अमेरिकी सैनिकों को युद्ध में न उतारने की बाइडेन की प्रतिबद्धता पर जेलेंस्की ने कहा, जब मिसाइलें किसी देश के स्कूल, यूनिवर्सिटी, बच्चों के क्लीनिकों समेत कई नागरिक संस्थानों पर हमला कर रही हों तो उन्हें नीचे गिराने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचता। अमेरिका को लोगों की जान बचानी ही होगी।