रूसी हमले के आठवें दिन बृहस्पतिवार को यूक्रेन के आसमान से आग बरसती देखी गई। यहां कीव, खारकीव, लवीव, झाइतोमिर, माइकोलेव और कीव ओब्लास्ट समेत कई इलाकों में टैंकों के गोले कहर ढाते देखे गए। जबकि रूस पर लगाए गए पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों की आंच रूसियों को भी झुलसाने लगी है। देश में न तो भुगतान तंत्र काम कर रहा है और न ही नकदी की निकासी हो पा रही है।
कुल मिलाकर, रूस और यूक्रेन दोनों ही देशों में इस युद्ध के चलते आम आदमी दहशत में है। यूक्रेन में रूस की क्रूज मिसाइलों ने सरकारी इमारतों और अन्य आबादी वाले हिस्सों में हमले बढ़ा दिए हैं। यूक्रेन के मुख्य शहरों में रूसी सेना के घुसने से वहां मानवीय संकट खड़ा हो गया है। लोगों के पास राशन नहीं है और खाने-पीने के लिए भी लोग बंकरों से बाहर नहीं आ रहे हैं।
कई शहरों में पलायन करने वाले लोग वहां की दुकानों में लूटपाट कर आगे बढ़ रहे हैं। इस बीच, कीव समेत माइकोलेव, लवीव, झाइतोमिर शहरों में रेड अलर्ट जारी कर लोगों से नजदीकी शिविरों में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी तरफ, रूसी मुद्रा रूबल विदेशी मुद्रा में नहीं बदल पा रही है। पश्चिमी देशों की पाबंदियों के चलते यहां नकदी निकासी प्रभावित हो गई है।
एटीएम के बाहर लंबी कतारें हैं और कई बैंकों के कार्ड को एटीएम स्वीकार नहीं कर रहे हैं। एप्पल द्वारा रूस में उत्पाद बिक्री रोक दी गई है। एप्पल-पे के यहां काम न करने के कारण बसों, कैफे और जरूरी जगहों पर भुगतान रुक गया है। सुपरमार्केट में भी प्रति व्यक्ति सामान खरीद की मात्रा सीमित कर दी गई है। विदेशी कंपनियों के रूस में कारोबार बंद करने से कई लोग सड़कों पर आ गए हैं।
जगी उम्मीद : नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए गलियारे पर सहमति
रूस-यूक्रेन के बीच युद्धग्रस्त क्षेत्रों से नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए गलियारा बनाने पर सहमति बन गई है। बेलारूस में दूसरे दौर की वार्ता के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार मिखाइलो पोदोलियक ने कहा, युद्धविराम पर कीव को जितनी उम्मीद थी, वैसा नतीजा नहीं आया। हालांकि, नागरिकों को सुरक्षित निकालने तक अस्थायी युद्धविराम की सहमति बनी है।
पोदोलियक ने कहा, केवल उन स्थानों पर युद्धविराम होगा, जहां मानवीय गलियारे हैं। दोनों पक्षों में इस बात पर भी सहमति बनी है कि जहां भीषण तबाही हुई है, वहां दवा व खाना पहुंचाया जाए। हमले के बाद से पहली बार दोनों देशों में किसी बात पर सहमति बनी है। पोदोलियक ने विस्तृत जानकारी तो नहीं दी, इतना जरूर कहा, हमें जितनी उम्मीद थी, वैसा कुछ नहीं हुआ। इतना कह सकता हूं कि मानवीय पहलुओं पर चर्चा की क्योंकि कई शहर घिर गए हैं। उधर, मुख्य रूसी वार्ताकार व्लादिमीर मेदिन्स्की ने कहा, रूस ने मानवीय गलियारे और उसके आसपास युद्धविराम की सहमति दी है। मेदिन्स्की ने इसे महत्वपूर्ण प्रगति करार दिया है। एजेंसी