अपने तीन दिवसीय विदेश दौरे के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंच चुके हैं। यहां भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी बर्लिन पहुंचने के बाद होटल एडलॉन केम्पिंस्की पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग पहले से ही मौजूद रहे। पीएम मोदी के पहुंचते ही होटल परिसर में भारत माता की जय के नारे सुनाई दिए। इस दौरान पीएम मोदी सभी भारतीयों से मिले। मुलाकात के दौरान उन्होंने छोटे-छोटे बच्चों से भी गुफ्तगू की। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे से गाने भी सुने। वहीं एक छोटी बच्ची ने पीएम मोदी को उनकी एक तस्वीर भी भेंट की।