देश में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के लिए अक्तूबर का पहला हफ्ता ठीक नहीं लग रहा। शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस से जुड़ी तीसरी घटना सामने आई है। दिल्ली से वाराणसी आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन तकनीकी खराबी आने के चलते खुर्जा जंक्शन पर रोक दी गई। वाराणसी कैंट स्टेशन से इसके रवाना होने का समय फिलहाल 9.15 बताया गया है। इस देरी के लिए दिल्ली से वाराणसी आ रही वंदेभारत ट्रेन में खराबी को कारण बताया जा रहा है।
दिल्ली से आने वाली वंदेभारत दोपहर दो बजे वाराणसी पहुंचती है। बताया जा रहा है कि यह ट्रेन अब रात आठ बजे तक यहां पहुंचने की संभावना है। इधर, ट्रेन के विलंब होने से वाराणसी कैंट स्टेशन पर परेशान यात्रियों को सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम ने भारी तनाव दे दिया। दरअसल, सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम ने दोपहर करीब सवा एक बजे मोबाइल पर मैसेज किया कि वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी के बजाय प्रयागराज तक ही आएगी।
इससे कैंट स्टेशन पर अफरातफरी की स्थिति हो गई। इस मोबाइल संदेश से परेशान वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों ने आक्रोश नजर आया। कैंट स्टेशन प्रशासन ने मोबाइल संदेश का खंडन करते हुए आरपीएफ और जीआरपी की मदद से नाराज लोगों को शांत कराया।