प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जाने के बाद शुक्रवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग सेल्फी प्वाइंट बन गए हैं। सुबह से लेकर शाम तक महिलाओं और बच्चों के साथ पहुंचे परिवार वालों ने मोबाइल से खूब फोटो खींची। वहीं लोगों को रुद्राक्ष के अंदर नहीं जाने का मलाल रहा।
शुक्रवार शाम में रुद्राक्ष कन्वेंशन के बाहर लोगों की आवाजाही ज्यादा रहा। सामने शहीद उद्यान में नियमित आने वाले लोग बाहर से रुद्राक्ष को देख रहे थे। योगा करने वाले विनोद कुमार, मिथिलेश श्रीवास्तव, कौशल राय ने बताया कि इसे आम जनता के लिए भी खोलना चाहिए ताकि लोग अंदर जाकर देख सके।
सुरक्षाकर्मी ने बताया कि लोग अंदर आने के लिए मुख्य गेट खोलने की बार-बार मांग कर रहे हैं, लेकिन उच्चाधिकारियों का आदेश नहीं है। इसलिए गेट बंद रखा गया है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग का रेट एक दो दिन में तय हो जाएगा, उसके बाद लोगों को प्रवेश दिया जाएगा।