भाई-बहन के प्यार और विश्वास के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन के लिए वाराणसी में बाजार सज चुके हैं। 11 अगस्त को बहनें भाई की कलाई पर प्यार के धागे बांधेंगी। शहर में लंका, दुर्गाकुंड, सुंदरपुर, सिगरा, लक्सा, ककरमत्ता सहित अन्य जगहों पर एलईडी, लाइट एंड साउंड, पोकेमॉन व स्माइली की राखियां हैं। बुलडोजर बाबा वाली राखी इस बार आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। खिलौनों के बाद बाबा बुलडोजर की खुमारी बच्चों की राखियों पर भी जबरदस्त देखने को मिल रही है।
बाजारों में इसकी काफी डिमांड है। इसके अलावा मोटू पतलू, छोटा भीम, डिजनी लैंड, पोकेमॉन, एंग्री बर्ड भी खूब चलन में है। चांदी और अमेरिकन डायमंड वाली महंगी राखियां भी खूब बिक रही हैं। रक्षाबंधन को लेकर बहनों के साथ भाई भी तैयारी में लगे हैं। बहनें सबसे अच्छी राखी की तलाश में हैं तो भाई मनपसंद उपहार देकर पर्व को यादगार बनाने की तैयारी में हैं।