पूर्वोत्तर के कलाकारों ने पूरब में बिखेरी चमक
पूर्वी भारत के आठ राज्यों की मिट्टी में रची-बसी कला व संस्कृ ति की इंद्रधनुषी छटा चार दिनों तक काशी में छाई रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों द्वारा पेश नृत्य व संगीत ने काशी वासियों को अभिभूत कर दिया। मेले में अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के शिल्पकारों, कलाकारों, चित्रकारों ने कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, संगीत को यहां आने वाले लोगों से रूबरू कराया। खुले मैदान में सजे मंच पर कहीं चित्रकार अपनी चित्रकला का प्रदर्शन कर रहे थे तो कहीं नर्तक लोक नृत्यों की प्रस्तुत दे रहे थे। शिल्पकार भी अपनी कला को मूर्त रूप देने में पीछे नहीं थे।