फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सतरंगी रोशनी में नहाई काशी: शंखनाद और मंत्रोच्चार के साथ मनाया त्योहार, जमकर हुई आतिशबाजी; तस्वीरें

Tue, 10 Nov 2026 01:48 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

सतरंगी रोशनी से काशी के घाट, मंदिर और प्रमुख मार्ग जगमगा उठे। दीपावली पर पूरे शहर में उत्सव का माहौल रहा। घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाए गए। गंगा घाटों पर शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच दीपोत्सव मनाया गया। रंग-बिरंगी झालरों और दीपों की रोशनी से धर्मनगरी की छटा देखते ही बन रही थी।
विज्ञापन
1 of 11
वाराणसी में गंगा आरती में दिखा दीपावली का दृश्य। - फोटो : अमर उजाला
कार्तिक कृष्ण पक्ष की अमावस्या पर शिव की नगरी काशी असंख्य दीपों की रोशनी में नहा उठी। मंदिर से लेकर घाट, प्राचीन गलियां, वरुणा पार की नई कॉलोनियों तक जब एक साथ असंख्य दीप जले तो नन्हे दीपों के आगे अमावस का अंधियारा मिट गया। 

गांव से लेकर शहर तक ऐसा नजारा दिखा जैसे आसमान के सभी तारे और नक्षत्र एक साथ काशी में उतर आए हों।शाम होते ही घाटों, देवालयों, चौराहों और मकानों की मुंडेरों पर सजे दीपों की कतारें जगमगाने लगीं। नई विद्युत झालरों की सतरंगी रोशनी और माटी के दीयों की सात्विक चमक के बीच समूचा शहर ‘तमसो मा ज्योतिर्गम्य’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा। 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 11
दीपावली में जमकर हुई आतिशाबाजी। - फोटो : अमर उजाला
उत्सव की शुरुआत देवालयों और आश्रमों में विशेष दीपदान के साथ हुई। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के कोने-कोने में लाखों दीप जलाए गए। अन्नपूर्णा मंदिर में भक्तों ने दीप जलाकर दिवाली मनाई। धर्म संघ प्रांगण स्थित स्थित मणि मंदिर में वेदपाठी बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कतारबद्ध होकर दीप जलाए। 
विज्ञापन

3 of 11
मंदिरों में हुई आकर्षक सजावट। - फोटो : अमर उजाला
मच्छोदरी स्थित स्वामी नारायण मंदिर में महिलाओं व युवतियों ने रंगोली के मध्य दीपकों की आकर्षक शृंखला सजाई। सतुआ बाबा आश्रम, गुरुधाम मंदिर और संतमत अनुयायी आश्रम (मठ गड़वाघाट) में संतों और गृहस्थों ने मिलकर दीपदान किया। छतों से गगन चूमते रॉकेट, रंग-बिरंगे अनार और आतिशबाजियों की गूंज ने रात भर शहर को जगाए रखा।

4 of 11
काशी विश्वनाथ धाम में जले असंख्या दीप। - फोटो : अमर उजाला
शुभ-लाभ का महाअनुष्ठान, बही-खातों और गैजेट्स का हुआ पूजन : संध्या काल में स्थिर वृषभ लग्न आते ही घर-घर में ऐश्वर्य की अधिष्ठात्री मां महालक्ष्मी, रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान श्रीगणेश और धनाध्यक्ष कुबेर का षोडशोपचार विधि से पूजन संपन्न हुआ। घरों में श्रीसूक्त, कनकधारा स्तोत्र और लक्ष्मी चालीसा के सस्वर पाठ से वातावरण गूंजता रहा। लोगों ने सोने-चांदी और अन्य धातुओं की भी पूजा की। 
विज्ञापन

5 of 11
बच्चों ने जमकर की मस्ती। - फोटो : अमर उजाला
व्यापारियों व उद्यमियों ने परंपरागत बही-खातों का रोली, अक्षत और कमल पुष्पों से पूजन कर नए संवत के व्यापार का श्रीगणेश किया गया। नई पीढ़ी के व्यापारियों ने लैपटॉप, कंप्यूटर और बिलिंग मशीनों पर स्वास्तिक बनाकर नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत की। पूजनोपरांत कायस्थ समाज ने अपनी कलम और दवात को तीन दिनों तक यम द्वितीया तक के लिए विश्राम दिया।
विज्ञापन

6 of 11
दीपावली पर सजे मकान। - फोटो : संवाद
जरूरतमंद परिवारों के बीच बांटी दीपावली सामग्री
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप गौतम ने दीपावली पर चक खरावन स्थित सेवा बस्ती पहुंचकर दर्जनों जरूरतमंद परिवारों के बीच मिठाई एवं अन्य सामग्री बांटी। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और आपसी सौहार्द का पर्व है। त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही इस पहल का उद्देश्य है। इस अवसर पर संदीप गौतम, अमित मिश्रा, स्वामीनाथ चतुर्वेदी, अवधेश पटेल मौजूद रहे।
विज्ञापन

7 of 11
बाबा विश्वनाथ धाम में की गई भव्य सजावट। - फोटो : अमर उजाला
अस्पतालों में मुस्तैद रही टीम, चौराहों पर घूमती रहीं एंबुलेंस
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर दीपावली के दिन स्वास्थ्य टीम मुस्तैद रही। उधर, शहर से लेकर गांव तक चौराहों पर एंबुलेंस घूमती रहीं। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ ने मरीजों की सेवा के साथ ही दीपावली भी मनाई। इस दौरान अस्पताल परिसर में दीपक और मोमबत्तियां जलाकर स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की समर्पित भाव से सेवा करते रहने का संकल्प लिया।

8 of 11
दीपावली के अवसर पर रोशनी से जगमग हुई काशी नगरी। - फोटो : अमर उजाला
दीपावली पर शाम होते ही हर तरफ आतिशबाजी होने लगी। बच्चों और बड़ों ने हर साल की तरह इस साल भी खूब पटाखे जलाए। रात में भी मंडलीय अस्पताल से लेकर जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों की इमरजेंसी में टीम तैनात रही। पटाखे जलाने की वजह से कुछ लोगों के हाथों में जलन की समस्या हुई। इस पर डॉक्टरों ने तत्काल इलाज किया। उधर, स्वास्थ्य केंद्रों के पास 108 नंबर की एंबुलेंस भी खड़ी रहीं। सीएमओ कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में दो दिन में 20 लोगों ने फोन कर पटाखों से हाथ जलने पर उपचार की जानकारी ली, तो कुछ लोगों ने सोमवार को अस्पताल खुलेंगे या नहीं, इसकी जानकारी ली।

9 of 11
दीपावली पर रोशनी से जगमग हुई काशी नगरी। - फोटो : अमर उजाला
बच्चों और बुजुर्गों में बांटी लाई, चूड़ा और मिठाई
आइडियल वूमेन वेलफेयर सोसाइटी और रोटी बैंक की ओर से गांव भुल्लनपुर में मिठाई वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था में पढ़ने वाली छात्राओं और बुजुर्गों को लाई, चूड़ा और मिठाई बांटी गई। हर साल की तरह इस वर्ष भी संस्था की ओर से यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने आपस में बातचीत की, कुछ बच्चों ने गीत और कविताएं भी सुनाईं। 

10 of 11
दीपावली के अवसर पर घरों में हुई झालर की सजावट। - फोटो : अमर उजाला
कार्यक्रम में मौजूद सदस्यों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। बुजुर्गों में भी मिठाई और खाद्य सामग्री बांटी गई। दोनों संस्था के सदस्यों ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों और बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना है। संस्था की ओर से गांव में शिक्षा और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्य किए जाते हैं। इसके तहत जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने और उनके विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही प्रौढ़ महिलाओं के लिए शिक्षा केंद्र भी चलाया जाता है। 
विज्ञापन

11 of 11
दीपावली पर जमकर हुई आतिशबाजी। - फोटो : अमर उजाला
दिव्यांग और जरूरतमंद के साथ मनाई दिवाली
विमेंस स्पिरिट क्रिएशन सोसाइटी की ओर से धूपचंडी स्थित नाटी इमली में दिव्यांग और जरूरतमंद बच्चों के साथ दिवाली मनाई। सोसाइटी की अध्यक्ष और समाजसेविका सोनी जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में 50 बच्चों को उपहार बांटे। इसमें स्कूल बैग, मिठाई, चॉकलेट, नमकीन और फुलझड़ियां शामिल रही। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर रंगोली बनाई और दीपक जलाए। इसके बाद बच्चों ने फुलझड़ियां जलाकर दिवाली मनाई। बच्चों को स्कूल बैग और खाने-पीने की सामग्री मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी दिखी। सोसाइटी के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सोनी जायसवाल, सावित्री, रेनू सिंह, प्रियंका सिंह, प्रगति और कविता मौजूद रहीं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें