बेटियों को बचाने, पढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प लेकर सूरत से निकली 45 महिला बाइकर्स के दल ने गुरुवार को जिले के कुछ गांवों में जाकर लोगों में उत्साह भरा। डॉ. सारिका मेहता के नेतृत्व में 19 जुलाई को गुजरात से निकलीं बाइकर्स ने पीएम नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव नागेपुर और ककरहिया में जागरूकता की अलख जगाई।
इसके अलावा बीएचयू महिला महाविद्यालय और अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में उनका स्वागत किया गया। ‘सशक्त नारी, सशक्त भारत’ का संदेश लेकर बीएचयू परिसर से सुबह 9.30 बजे एक साथ 45 महिला बाइकर्स जैसे ही सड़क पर निकलीं तो देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बाइकर्स भी उत्साहित हैं।
बीएचयू के महिला महाविद्यालय में छात्रावास अधीक्षिका समेत अन्य शिक्षकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों ने इस प्रयास की सराहना की। बीएचयू से बाइकर्स की टीम पहुंची मैदागिन स्थित अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज। यहां प्रबंधक डॉ. रितु गर्ग की ओर से सभी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
फिर बाइकर्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए गांव नागेपुर और ककरहिया में जाकर लोगों से बेटियों को आगे बढ़ाने की अपील की। नागेपुर आंगनबाड़ी केंद्र पर गांव के लोगों के साथ पौधरोपण भी किया। इस दौरान सदस्यों ने गांव में बच्चों को स्कूल किट और महिलाओं को सैनेटरी पैड बांटकर स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। वहां से लौटकर यह टीम रविंद्रपुरी स्थित पीएम के संसदीय कार्यालय पहुंची।
फिर दशाश्वमेध घाट जाकर गंगा आरती देखी और बाबा विश्वनाथ के दर पर मत्था भी टेका। डॉ. सारिका ने बताया कि यात्रा लद्दाख पहुंचकर समाप्त होगी। यहां खारदूंगला लेह पहुंचकर 15 अगस्त को ध्वजारोहण किया जाएगा। महिला बाइकर्स की टीम अपने मिशन के तहत शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए गांव जयापुर जाएगी। यहां गांव की महिलाओं, बच्चों सहित सभी से साफ-सफाई रखने और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम को आगे बढ़ाने की अपील करेगी। इसके बाद टीम कानपुर के लिए रवाना हो जाएगी।
पीएम के आदर्श गांव ककरहिया में महिला बाइकर्स का जोरदार स्वागत किया गया। गांव में प्रवेश करते ही स्व. भोतू सिंह के अखाड़े पर रोहनिया विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, पूर्व प्रधान मनोज सिंह समेत दर्जनों लोगों ने ढोल-नगाड़ों से उनका स्वागत किया। गांव में करीब 50 महिलाओं ने उन्हें माला पहनाई तथा पुष्पवर्षा के बाद टीम की सदस्यों की आरती उतारी।