भदोही के वर्चुअल कारपेट एक्सपो को दुनियाभर के कालीन आयातकों ने हाथों हाथ लिया है। यह पहला वर्चुअल फेयर है और जिस प्रकार से भारतीय कालीनों की ओर लोगों का रुझान देखने को मिला है, उससे यही कहा जा सकता है कि अब इस तरह के एक्सपो के द्वार खुल गए हैं। एक्सपो आयोजक सीईपीसी ने रविवार को जारी विज्ञप्ति में दावा किया कि एक्सपो ने पहले दिन से विशिष्टता हासिल कर ली है।
एक्सपो में पिछले दो दिन में 61 देशों के 321 आयातक और 145 आयातक प्रतिनिधियों ने विजिट किया। इसे बेहद उत्साहजनक बताया जा रहा है। कालीन प्रदर्शकों के उत्कृष्ट कालीनों और दरियों की शृंखला को बेहद पसंद किया जा रहा है। इसका प्रमाण यह है कि खरीदार कालीनों, डिजाइनों को पसंद कर निर्यातकों से मीटिंग अथवा वार्ता का अनुरोध कर रहे हैं। खास बात यह है कि वर्चुअल एक्सपो का प्लेटफार्म बात करने, वीडियो कांफ्रेंसिंग अथवा चैट करने की सहूलियत देता है।
परिषद के द्वितीय उपाध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि विजिटर्स में नंबर वन अमरीका के आयातक हैं। इसके बाद यूरोपीय खरीदारों का नंबर है। जापान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, कनाडा, तुर्की के खरीदार भी रुचि दिखा रहे हैं। परिषद के चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह बराबर प्लेटफार्म पर बने हुए हैं।