बालीवुड के सुपरस्टार और मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान जिस तरह अपनी फिल्मों को परफेक्ट बनाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ते उसी तरह से बात जब रिश्तों को निभाने की आती है, तो उसमें भी आमिर खान अपने व्यवहार से सभी को कायल बना देते हैं।
ऐसा ही मंगलवार को बनारस में भी हुआ, जब अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग करने काशी पहुंचे आमिर ने चौहट्टा लाल खां स्थित अपने ननिहाल के लोगों को भी निराश नहीं किया। बालीवुड अभिनेता आमिर खान ने मंगलवार को शूटिंग खत्म होने के बाद अपने ननिहाल के लोगों से मुलाकात की। चौहट्टा लाल खां स्थित अपने ननिहाल के लोगों से मिलकर वह बहुत खुश दिखे। उन्होंने ननिहाल पक्ष के साजिद रहमान, आदिबा रफात आदि लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाई।
दरअसल, आमिर खान ने थ्री इडियट फिल्म के प्रमोशन के दौरान शहर में चौहट्टा लाल खां स्थित अपने ननिहाल की तलाश की थी। जिस जगह उनकी मां का बचपन बीता था, उस मकान को आमिर ने खरीदने का प्रयास भी किया था लेकिन मौजूदा मकान मालिक ने उसको बेचने से इंकार कर दिया।