यूपी के श्रावस्ती में यातायात नियमों की अनदेखी व चालकों की लापरवाही ने शनिवार पांच की जान ले ली। हादसे में किसी ने बेटा खोया, किसी ने भाई तो किसी ने पति और पिता। पांच मौत के बाद चार गांवों में सन्नाटा पसर गया है। घटना की सूचना के बाद परिजन मौके पर रवाना हो गए। अपनों के खोने के गम में लोग बदहवास नजर आ रहे थे। रविवार को इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जा रहे थे पिता का इलाज कराने
इकौना के जयचंद पुर कटघरा के मजरा पांडेयपुरवा निवासी लल्लन के पिता सूबेदार की तबीयत खराब है। शनिवार को वह पिता की दवा व कृषि बीज आदि लेने के लिए वह पिता के साथ टैंपो से इकौना के लिए निकले थे। शाम जल्दी घर लौटने का वादा कर घर से निकले लल्लन कभी न लौटने वाले सफर पर चले गए। मौत की सूचना के बाद जहां परिजन अस्पताल की ओर तो ग्रामीण उनके घर सांत्वना देने दौड़ पड़े। घटना में सूबेदार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।