फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे में चार की मौत: जिंदगी की जंग जारी थी, नियम निभाती रही एंबुलेंस, चली गई जान; डीएम ने बैठाई जांच

Sun, 14 Jun 2026 02:37 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, सहारनपुर

सार

Saharanpur News: बेहट स्थित कोठड़ी बहलोलपुर मार्ग पर कार की टक्कर लगने से बाइक सवार लविश, उसकी बहन संजना, मां राजदुलारी और रूही की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी और परिजनों ने बताया कि समय पर उपचार मिलता तो जान बच सकती थी। 
विज्ञापन
1 of 5
विलाप करते परिजन। - फोटो : अमर उजाला
बेहट क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस सेवा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे में घायल लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे, लेकिन उन्हें समय पर बेहतर इलाज नहीं मिल सका। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि एंबुलेंस कर्मियों ने गंभीर रूप से घायल लोगों को सीधे जिला अस्पताल पहुंचाने के बजाय नियमों का हवाला देकर पहले सीएचसी बेहट पहुंचाया, जिससे काफी समय बर्बाद हो गया। इन आरोपों को लेकर जिला प्रशासन ने जांच बिठा दी है।
 
विज्ञापन

2 of 5
लविश और रूही की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
प्रत्यक्षदर्शी मिंटू के अनुसार, जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो पुलिस और एंबुलेंस मौके पर मौजूद थीं। घायलों की हालत बेहद गंभीर थी। उन्होंने एंबुलेंस कर्मचारियों से अनुरोध किया कि मरीजों को सीधे सहारनपुर जिला अस्पताल ले जाया जाए, जहां बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन कर्मचारियों ने निर्धारित प्रक्रिया का हवाला देते हुए पहले सीएचसी बेहट ले जाने की बात कही और उसी पर अमल किया।
 
विज्ञापन

3 of 5
राजदुलारी की फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला
बताया गया कि हादसे में घायल रूही की रास्ते में ही मौत हो गई थी, जबकि संजना, लविश और राजदुलारी उस समय तक जीवित थे। परिजनों का आरोप है कि यदि इन घायलों को सीधे उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाया जाता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। सीएचसी पहुंचने के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी। वहां से आगे रेफर किए गए मरीजों को ले जाने के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरन परिजनों ने निजी वाहनों की व्यवस्था कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल पहुंचे मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआइजी अभिषेक सिंह और डीएम अरविंद कुमार चौहान के सामने परिजनों ने ही यही आरोप लगाए। डीएम ने बताया कि इन आरोपों को लेकर जांच के निर्देश दिए गए हैं, जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।
 

4 of 5
संजना की फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान
इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने भी संज्ञान लिया है। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परिजनों को हर संभव मदद दी जाए। पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। डीआइजी ने बताया कि कार चालक की पहचान की जा रही है। जल्दी ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
बिलखते परिजन। - फोटो : अमर उजाला
ये है मामला
सहारनपुर के बेहट स्थित कोठड़ी बहलोलपुर मार्ग पर धौलाकुआं के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार मिर्जापुर के गांव मलकपुर निवासी लविश (28), उसकी बहन संजना (24), मां राजदुलारी (50) और तीन साल की बेटी रूही की मौत हो गई। हादसे के बाद थोड़ी दूर जाकर कार सड़क किनारे गड्ढे में चली गई जबकि चालक भाग गया। हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। 

ये बोले एसपी
बाइक सवारों को स्विफ्ट कार ने टक्कर मारी है। कार को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
- मयंक पाठक, एसपी देहात

ये भी देखें...
Meerut: स्वामी यशवीर महाराज का दावा, जल्दी ही आयुष मालिक की होगी सनातन धर्म में वापसी, तुषार मामले पर ये बोले

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें