फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतापगढ़ स्थानीय प्राधिकारी चुनाव : कड़ी सुरक्षा के बीच एमएलसी चुनाव में 99.25 प्रतिशत हुआ मतदान

Sat, 09 Apr 2022 08:23 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रतापगढ़

सार

विधान परिषद चुनाव के लिए शनिवार की सुबह आठ बजे जिले के 17 विकासखंडों के अलावा जिला पंचायत कार्यालय में मतदान प्रारंभ हुआ। चुनाव में कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी, भाजपा से हरिप्रताप सिंह, सपा से विजय बहादुर यादव, निर्दल प्रत्याशी मधुरिमा सिंह, डॉ. केएन ओझा व राजेंद्र प्रसाद अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
विज्ञापन
1 of 7
प्रतापगढ़ सदर ब्लाक में मतदान के लिए कतार में खड़ीं महिला जनप्रतिनिधि। - फोटो : प्रतापगढ़
स्थानीय प्राधिकारी विधान परषिद सदस्य के चुनाव में शनिवार को 18 मतदान केंद्रों पर 99.25 फीसदी मतदान हुआ। कुल 2794 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि 21 मतदाताओं ने चुुनाव से दूरी बनाए रखी। आरोप-प्रत्यारोप के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नितिन बंसल व पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल मतदान केंद्रों का भ्रमण कर शिकायतों की जानकारी लेते रहे।



विधान परिषद चुनाव के लिए शनिवार की सुबह आठ बजे जिले के 17 विकासखंडों के अलावा जिला पंचायत कार्यालय में मतदान प्रारंभ हुआ। चुनाव में कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी, भाजपा से हरिप्रताप सिंह, सपा से विजय बहादुर यादव, निर्दल प्रत्याशी मधुरिमा सिंह, डॉ. केएन ओझा व राजेंद्र प्रसाद अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
विज्ञापन

2 of 7
प्रतापगढ़ के शिवगढ़ ब्लाक पर मतदान के दौरान तैनात पुलिस फोर्स। - फोटो : प्रतापगढ़
चार बजे तक 2815 में से 2794 ने डाले वोट

कुल 2815 मतदाताओं में से चार बजे तक 2794 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 21 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रहे। मतदान केंद्रों पर मतपत्र से मतदान कराया गया। मतदाताओं को कागज, पेन, मोबाइल ले जाने पर पाबंदी थी।  पीठासीन अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए पेन से ही मतदाताओं ने वरीयता के आधार पर अपना मतदान किया।



अर्द्धसैनिक बलों की निगरानी में तीन सुरक्षा घेरे में हो रहे मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए मतदाताओं की मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जा रही थी। रामपुर संग्रामगढ़ में पर्यवेक्षक व कर्मचारियों पर आरोप लगाकर हंगामा किया गया। वहीं, सपा प्रत्याशी विजय बहादुर यादव ने कालाकांकर में किसी जिला पंचायत सदस्य के मतदान केंद्र के भीतर बैठकर मतदान कराने का आरोप लगाया।



आरोप-प्रत्यारोप के बीच शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल व पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल लगातार मतदान केंद्रों का चक्रमण करते रहे। अपर जिलाधिकारी मुकेशचंद्र ने बताया कि मतदान के बाद सील बंद मतपेटियों को अफीम कोठी में बने स्ट्रांग रूम में रखा गया है। मतदान की वीडियोग्राफी कराई गई है। अर्द्धसैनिक बलों की निगरानी में मतपेटिकाएं रहेंगी। 12 अप्रैल को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। मतगणना के लिए 25-25 मतपत्रों के बंडल बनाए जाएंगे। फिर उन्हें गिना जाएगा। 
विज्ञापन

3 of 7
प्रतापगढ़ में मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार करते विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजाभैया। - फोटो : प्रतापगढ़
लाइन में खड़े होकर राजाभैया ने किया मतदान
विधान परिषद सदस्य के चुनाव में मतदान करने के लिए शनिवार को कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया बिहार ब्लॉक पहुंचे। यहां पहले से ही मतदाता प्रधान व बीडीसी सदस्यों की लाइन लगी थी। यह देख राजाभैया लाइन में खड़े हो गए। तेज धूप में राजाभैया को खड़े देख मतदाता उनसे आगे जाकर मतदान करने का आग्रह करने लगे, मगर उन्होंने अपनी बारी आने पर ही मतदान करने की बात कही।


अपना नंबर आने पर उन्होंने मत डाला। सांसद संगमलाल गुप्ता ने सदर ब्लॉक, रामपुर खास विधायक आराधना मिश्रा मोना ने रामपुर संग्रामगढ़, बाबागंज विधायक विनोद सरोज ने बाबागंज, विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल व रानीगंज विधायक ने मानधाता ब्लॉक, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल ने आसपुर देवसरा ब्लॉक में मतदान किया। सदर विधायक राजेंद्र मौर्य जिला पंचायत परिसर स्थित कार्यालय में मतदान करने पहुंचे। वह अपना परिचय पत्र लेकर नहीं आए थे। जिसके चलते उन्हें इंतजार करना पड़ा। घर से परिचय पत्र मंगाने के बाद अपना मत डाला। जिला पंचायत अध्यक्ष माधुरी पटेल ने जिला पंचायत परिसर में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

4 of 7
प्रतापगढ़ में मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार करते विधायक विनोद सरोज। - फोटो : प्रतापगढ़
पांच मतदान केंद्रों पर शत प्रतिशत पड़े मत
विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए कुल 18 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें पांच केंद्रों पर शत प्रतिशत मतदान हुआ। सदर ब्लॉक में सभी 153 मतदाताओं ने वोट डाला। संडवाचंद्रिका में भी सभी 162 मतदाताओं ने वोट डाला। बिहार मतदान केंद्र पर 199, पट्टी में 136 और मंगरौरा में बने मतदान केंद्र पर 141 मतदाताओं ने मतदान किया। सदर ब्लाकॅ में दोपहर के समय ही शत प्रतिशत मतदान हो गया था।
विज्ञापन

5 of 7
अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी, एमएलसी। - फोटो : प्रतापगढ़
क्षेत्र पंचायत सदस्य नहीं बता सके परिचय
 विकासखंड गौरा में बनाए गए मतदान केंद्र पर उस समय हास्यास्पद स्थिति पैदा हो गई जब वोट देने के लिए एक बीडीसी सदस्य पहुंचा। बैरियर पर पुलिसकर्मियों ने रोककर उससे पूछा कि आप प्रधान हो या बीडीसी तो वह बता ही नहीं पाया। दरअसल, उसे पता ही नहीं था कि वह बीडीसी सदस्य है। थोड़ी देर के लिए उसे रोक दिया गया। बाद में उसके निर्वाचन प्रमाणपत्र व आईडी के आधार पर वोटर लिस्ट से मिलान करने के बाद जानकारी हो सकी कि वह बेहदौल खुर्द से क्षेत्र पंचायत सदस्य है। तब उसे मतदान करने के लिए अंदर जाने की अनुमति मिली।
विज्ञापन

6 of 7
प्रतापगढ़ सदर विधायक राजेंद्र प्रसाद मौर्य। - फोटो : प्रतापगढ़
हाथ में चाकू लेकर प्रधान पहुंचा मतदान करने
बिहार ब्लॉक में बने मतदान केंद्र पर शनिवार की सुबह सिया गांव के प्रधान छोटेलाल अपने हाथ में चाकू और लोटा लेकर मतदान करने पहुंचे। यह देख पुलिसकर्मी असहज हो गए। हालांकि पूछताछ में जब छोटेलाल ने बताया कि उनकी माता ननकी देवी का 31 मार्च को निधन हो गया था। छोटेलाल ने मां को मुखाग्नि दी है और अभी तेरहवीं नहीं हुई है। तब जाकर मतदान कर्मियों ने उनकी दिक्कत समझते हुए मतदान का मौका दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
प्रेमलता सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद प्रतापगढ़। - फोटो : प्रतापगढ़
परिचय पत्र के बिना रोके गए मतदाता
कालाकांकर ब्लॉक में शनिवार को एमएलसी चुनाव के लिए हो रहे मतदान में लगे अधिकारियों ने बगैर मतदाता पहचान पत्र के वोटरों को भीतर जाने से रोक दिया। कतार में लगे वोटर निराश होने लगे तो बीडीओ ने उनका सत्यापन किया। करीब 40 मतदाताओं के पास वोटर आईडी नहीं होने पर बीडीओ अपर्णा सेन ने सत्यापन किया। तब सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।



मतदान केंद्र पर हाथापाई की नौबत, पुलिस ने कराया शांत
कुंडा ब्लॉक में एमएलसी के लिए हो रहे मतदान के दौरान जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी अक्षय प्रताप सिंह गोपाल के चीफ एजेंट बने हरिओम शंकर श्रीवास्तव करीब 10.30 बजे पहुंचे। वह मतदान केंद्र के भीतर जाने लगे। जिस पर भाजपा के बूथ एजेंट महेश सिंह फौजी ने एतराज जताया। इसी बात पर दोनों में नोकझोंक हुई। हाथापाई की नौबत आने पर सीओ अजीत कुमार सिंह समेत पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया।



मतदान में गड़बड़ी की आशंका को लेकर हंगामा
मतदान कक्ष के भीतर बैठे माइक्रो ऑब्जर्वर पर मतदाताओं को इशारा करने की बात पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर मतदान कर्मियों ने भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। करीब दस मिनट बाद दरवाजा खुला। रामपुर संग्रागमढ़ ब्लॉक में चल रहे मतदान के दौरान करीब 10.30 बजे पूरे छत्तू के बीडीसी सदस्य रामहित वोट देकर बाहर निकले तो बताया कि भीतर बैठे माइक्रो ऑब्जर्वर योगेश कुमार मतदाताओं को उंगली से इशारा कर रहे हैं।



यह सुनते ही जन सत्तादल के जिला पंचायत सदस्य दिलीप समेत कई लोग वोटिंग में गड़बड़ी का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। इस पर मतदानकर्मियों ने भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। करीब दस मिनट बाद 10.40 बजे दरवाजा खुला तो माइक्रो ऑब्जर्वर को वहां से हटाकर पीछे बैठाया गया तो लोग शांत हुए। सूचना पर भाजपा प्रत्याशी हरि प्रताप सिंह व निर्दल डॉ. कैलाशनाथ ओझा भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें