फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी होमगार्ड भर्ती: रेस में शिवम से तेज दौड़ी मौत, 11 राउंड कर लिए थे पूरे, 12वें में गश खाकर गिरे इंजीनियर

Sat, 19 Sep 2026 01:45 PM IST
Sharukh Khan जितेंद्र कुमार, अमर उजाला, मुरादाबाद

सार

मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए आयोजित दौड़ में मंजिल महज 50 मीटर दूर थी और बेहोश होकर गिरे कंप्यूटर साइंस इंजीनियर शिवम यादव (27) जिंदगी हार गए। बरेली के शिवम ने 11 राउंड सफलतापूर्वक पूरे कर लिए थे लेकिन 12वें राउंड में लक्ष्य के नजदीक पहुंचते ही सांसें थम गईं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन
1 of 13
मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दाैरान अभ्यर्थी की जान गई - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती दौड़ में जान गंवाने वाले शिवम बचपन से ही होनहार थे। हर क्लास में बेहतर प्रदर्शन रहा। वर्ष 2016 में हाईस्कूल में उनके 90 फीसदी अंक थे। 2018 में बारहवीं में भी 90 फीसदी अंक हासिल किए। 2021 में कंप्यूटर साइंस से बीटेक किया। वह बीएड भी थे। शिवम लगातार सरकारी नौकरी के लिए प्रयास कर रहे थे।

दरोगा की भर्ती में भी वह शामिल हुए लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब होमगार्ड के लिए प्रयास कर रहे थे। खूब दौड़े भी। दौड़ के 11 राउंड पूरे कर लिए थे। 12वां राउंड भी पूरा होने वाला था लेकिन वह गश खाकर गिर पड़े। 

घर वालों ने बताया कि दौड़ का अभ्यास शिवम काफी दिनों से कर रहे थे। सुबह उठकर निकल जाते थे। बरेली बार में वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद यादव के दूसरे नंबर के बेटे शिवम यादव पढ़ाई में मेधावी थे। शिवम का सपना सरकारी नौकरी पाने का था। उन्होंने रेलवे लोको पायलट की परीक्षा उत्तीर्ण भी कर ली थी। अभी फाइनल एग्जाम बाकी था। दरोगा और सिपाही भर्ती में भी उन्होंने प्रयास किया लेकिन चयन नहीं हो सका।
विज्ञापन

2 of 13
दाैड़ के दाैरान गश खाकर गिरे शिवम को पहुंचाया गया अस्पताल - फोटो : संवाद
इसके बाद होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीख आई तो उन्होंने इसकी तैयारी शुरू कर दी। परिवार के मुताबिक, शिवम नियमित रूप से सुबह करीब पांच बजे दौड़ लगाने जाते थे। वह इतने मेहनती थे कि घर पर बच्चों को कोचिंग देने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे थे। नौकरी के लिए पढ़ाई और शारीरिक तैयारी दोनों को साथ लेकर चल रहे शिवम को उम्मीद थी कि इस बार उनकी मेहनत रंग लाएगी।
विज्ञापन

3 of 13
शिवम की माैत के बाद गमगीन पिता - फोटो : संवाद
नौवीं वाहिनी के मैदान में शुक्रवार को शिवम ने पूरी ताकत से दौड़ लगाई। उन्हें 28 मिनट में 4800 मीटर की दौड़ पूरी करनी थी। 11 राउंड पूरे कर चुके थे। अंतिम एवं 12वें राउंड में सिर्फ 50 मीटर की दूरी बाकी थी और उनके पास करीब 50 सेकंड का समय था। यानी मंजिल सामने थी और सफलता हाथ बढ़ाकर जैसे उनका इंतजार कर रही थी।

4 of 13
मेडिकल टीम ने शिवम को पहुंचाया अस्पताल - फोटो : संवाद
इसी दौरान शुक्रवार की सुबह 8:16 बजे अचानक उनके कदम लड़खड़ाए और वह मैदान पर गिर पड़े। मुंह से झाग निकलने पर भर्ती प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन शिवम को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
विज्ञापन

5 of 13
शिवम की माैत के बाद गमगीन परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मोर्चरी पर फूट-फूटकर रोए पिता, बिगड़ी हालत  
शिवम के पिता विनोद यादव वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। वह अपने बेटे के साथ खुद आए थे। वह मैदान के बाहर खड़े होकर बेटे पर नजर लगाए हुए थे। अचानक बेटा मैदान में गिरा तो वह भी परेशान हो गए। एंबुलेंस से कर्मचारी शिवम को जिला अस्पताल ले गए।  इसकी जानकारी मिलने पर पिता भी वहां पहुंच गए। मोर्चरी में जब पिता ने बेटे का शव देखा तो उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
विज्ञापन

6 of 13
हादसे की खबर मिलने के बाद बेहोश हुई शिवम की पत्नी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भर्ती बोर्ड भेजी गई अभ्यर्थी के मौत के मामले की रिपोर्ट 
मुरादाबाद। नौवीं वाहिनी पीएसी के मैदान पर दौड़ते समय अभ्यर्थी शिवम की हालत बिगड़ने और फिर जिला अस्पताल में मौत होने के मामले में पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले की रिपोर्ट यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड एवं पदोन्नति बोर्ड को भेजी है। मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती दौड़ परीक्षा के नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि मामले की जानकारी बोर्ड और शासन को भेजी गई है।
विज्ञापन

7 of 13
मोर्चरी के बाहर शिवम के परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मुझे तो लगा कि शिवम बेहोश हो गए हैं 
शिवम के मौसेरे भाई हिमांशु यादव ने बताया कि मेरे सामने ही शिवम बेहोश हुए थे। उस वक्त मैं अपनी दौड़ की तैयारी कर रहा था। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया था। उस वक्त तक मुझे लगा कि शिवम बेहोश हो गए हैं। मैं अपनी रेस पूरी करके जिला अस्पताल पहुंचा तो शिवम की जान जा चुकी थी।

8 of 13
जांच करती पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चार दिन में 12 अभ्यर्थी हुए बेहोश
होमगार्ड बनने के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। इस दौरान दौड़ में शामिल अभ्यर्थी लगातार बेहोश हो रहे हैं। पिछले चार दिनों में 12 अभ्यर्थी गिरकर बेहोश हुए हैं। शुक्रवार को भी तीन अभ्यर्थी बेहोश हो गए। इनमें से एक अभ्यर्थी शिवम की मौत हो गई है। होमगार्ड के 41424 पदों के लिए 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा हुई थी।

9 of 13
होमगार्ड भर्ती परीक्षा - फोटो : संवाद
इसमें 19 लाख 29 हजार 155 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। लिखित परीक्षा में एक लाख सात हजार 221 अभ्यर्थी पास हुए थे। इन अभ्यर्थियों की मुरादाबाद में नौवीं वाहिनी पीएसी समेत प्रदेश के अलग-अलग सेंटरों पर दौड़ परीक्षा कराई जा रही है। अभ्यर्थियों को 28 मिनट के भीतर 4800 मीटर की दौड़ पूरी करनी होती है। नौवीं वाहिनी पीएसी के मैदान में 12 राउंड में 4800 मीटर की दूरी तय करनी होती है। 15 सितंबर को दौड़ की शुरुआत हुई थी।

10 of 13
शिवम की माैत के बाद गमगीन परिजन - फोटो : संवाद
पहले ही दिन चार अभ्यर्थी दौड़ते समय गिरकर चोटिल हो गए थे। इन सभी चोटिल अभ्यर्थियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दूसरे दिन भी दो अन्य अभ्यर्थी दौड़ के दौरान चोटिल हुए। 17 सितंबर को पांच अभ्यर्थी दौड़ के दौरान बेहोश हो गए थे। शुक्रवार को भी तीन अभ्यर्थी बेहोश हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया गया जहां एक अभ्यर्थी शिवम को मृत घोषित कर दिया गया।

11 of 13
शिवम की माैत के बाद गमगीन परिजन - फोटो : संवाद
होमगार्ड भर्ती : दौड़ते-दौड़ते मंजिल से पहले थम गईं कंप्यूटर साइंस इंजीनियर की सांसें
मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए आयोजित दौड़ में मंजिल महज 50 मीटर दूर थी और बेहोश होकर गिरे कंप्यूटर साइंस इंजीनियर शिवम यादव (27) जिंदगी हार गए। बरेली के शिवम ने 11 राउंड सफलतापूर्वक पूरे कर लिए थे लेकिन 12वें राउंड में लक्ष्य के नजदीक पहुंचते ही सांसें थम गईं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है। यह घटना सिविल लाइंस क्षेत्र के कांठ रोड स्थित नौंवी वाहिनी पीएसी के मैदान की शुक्रवार सुबह लगभग सवा आठ बजे की है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती वंशी नगला बेनीपुर चौधरी निवासी अधिवक्ता विनोद यादव बरेली बार एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष हैं।

12 of 13
घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी - फोटो : संवाद
उनके चार बेटों में दूसरे नंबर के बेटे कंप्यूटर साइंस से बीटेक शिवम यादव ने होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन किया था। शुक्रवार की सुबह पांचवीं पाली में नौवीं वाहिनी पीएसी के मैदान में दौड़ परीक्षा थी। बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे शिवम अपने पिता विनोद यादव और मौसेरे भाई हिमांशु यादव के साथ बरेली से रोडवेज बस में सवार होकर मुरादाबाद आए थे। हिमांशु की अंतिम पाली में दौड़ होनी थी जबकि शिवम की पांचवीं पाली में दौड़ परीक्षा थी। निर्धारित 4800 मीटर दौड़ पूरी करने के लिए 28 मिनट का समय दिया गया था। 
विज्ञापन

13 of 13
होमगार्ड भर्ती परीक्षा के बीच अभ्यर्थी शिवम की माैत - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
शिवम शुक्रवार सुबह-सुबह 8.16 बजे अपनी दौड़ का 12वां राउंड लगा रहे थे। इसी बीच समय पूरा होने में करीब 50 सेकंड शेष बचा था। शिवम अपनी मंजिल से मात्र 50 मीटर दूर थे। इसी दौरान वह बेहोश होकर गिर गए। मैदान में तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्हें सीपीआर दिया गया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें तुरंत ही जिला अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें