फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमकर गिरे ओले: मुरादाबाद मंडल में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, संभल में एक की माैत

Sat, 10 Oct 2026 12:13 PM IST
Vimal Sharma अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

मुरादाबाद मंडल के चारों जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ। संभल में पेड़ गिरने से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि रामपुर के बिलासपुर और अमरोहा में ओलावृष्टि से धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा। मुरादाबाद में भी तेज बारिश से सड़कों और खेतों में पानी भर गया। पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई जगह घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन
1 of 8
मुरादाबाद मंडल में ओले गिरने से धान की फसल को नुकसान - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

मुरादाबाद मंडल के रामपुर, संभल, अमरोहा व मुरादाबाद जिलों में शुक्रवार को आंधी-बारिश का कहर रहा। रामपुर के बिलासपुर में भारी ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इस दाैरान नैनीताल रोड पर सफेद चादर सी बिछ गई। अमरोहा और संभल में भी बारिश और आंधी संग ओलावृष्टि हुई।

संभल में ई रिक्शा पर पेड़ गिरने से चालक की जान चली गई। मुरादाबाद में भी माैसम के बदले मिजाज से दोपहर में अंधेरा छा गया।  करीब एक घंटे की बारिश में सड़क से खेतों तक पानी भर गया। जिलों में आंधी और बारिश से जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए जिससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।

संभल के असमोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे ई-रिक्शा चालक भोलू (53) कहीं जा रहा था। तभी अचानक उठी आंधी और बारिश के बीच धर्मशाला अड्डे के पास पाकड़ का एक बड़ा पेड़ सड़क पर आ गिरा। इसकी चपेट में आए भोलू की माैत हो गई। हादसे के बाद काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

Trending Videos
विज्ञापन

2 of 8
बारिश से धान की फसल को नुकसान - फोटो : संवाद

सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से पेड़ को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। इससे फसलों के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि जिले में माैसम की मार से करीब 15-20 प्रतिशत तक फसली नुकसान की संभावना है।

विज्ञापन

3 of 8
आंधी के कारण सड़क पर गिरे पेड़ - फोटो : संवाद
पूरे जिले में कहीं कम तो कहीं अधिक बारिश हुई है लेकिन बिलासपुर क्षेत्र में ओलावृष्टि अधिक हुई है। अमरोहा में भी शुक्रवार को करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा के बाद हुई बारिश से खेतों में तैयार धान की फसल जमीन पर बिछ गई। दोपहर में तेज गड़गड़ाहट और बिजली की चमक के बीच रुक-रुककर बारिश होती रही।

4 of 8
बिलासपुर में गिरे ओले - फोटो : संवाद
अमरोहा शहर, डिडौली, नौगावां सादात, कैलसा क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। धान कटाई से ठीक पहले ओलावृष्टि की मार से किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी है। किसानों ने प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर नुकसान के अनुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।
विज्ञापन

5 of 8
फसलों को नुकसान - फोटो : संवाद
मुरादाबाद में शहर से देहात तक अचानक बदले माैसम से दिन में ही अंधेरा छा गया। दोपहर बाद करीब एक घंटे की झमाझम बारिश से खेतों और सड़कों पर पानी भर गया। आंधी-बारिश में बड़ी संख्या में बिजली के खंभे धराशायी हुए, जिससे शहर से देहात तक घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हुई। 
विज्ञापन

6 of 8
बारिश के दाैरान गिरे पेड़ - फोटो : संवाद
धान की तैयार फसल पर अधिक मार, गन्ना, बाजरा, अगेती आलू और हरी सब्जियों को भी नुकसान 
शुक्रवार को अचानक बदले माैसम के मिजाज ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। धान की तैयार फसलों पर सबसे अधिक माैसम की मार पड़ी। वहीं गन्ना, बाजरा, अगेती आलू और हरी सब्जियों को भी काफी नुकसान की आशंका है। ठाकुरद्वारा कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. रवींद्र कुमार का कहना है कि शुक्रवार की बारिश से बासमती धान की फसल को काफी क्षति पहुंची है। 
विज्ञापन

7 of 8
माैसम में ठंडक - फोटो : संवाद
तापमान में गिरावट  ठंड का अहसास
आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस था। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट के कारण ठंड का अहसास होने लगा है। 
विज्ञापन

8 of 8
बिलासपुर में गिरे ओले - फोटो : संवाद
बीमा कंपनी के साथ मंडल के प्रत्येक जिले के अधिकारियों की टीम नुकसान का जायजा लेगी। सभी जिलों को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। - रविकांत, उप निदेशक कृषि
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें