कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को यूपी भाजपा का अध्यक्ष घोषित किया गया है। उनको यह जिम्मेदारी मिलने से परिवार और उनके समर्थकों में उत्साह है। चौधरी के बेटे शुभम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने जो जिम्मेदारी दी है, वो बहुत बड़ी है। प्रदेश बहुत बड़ा है, 2024 का चुनाव होना है। इस सभी चीजों को देखते हुए पिता जी अपनी जिम्मेदारी का अच्छी तरह से पालन करेंगे।
कहा कि पार्टी की नीतियों के मुताबिक ही काम करते हुए और प्रदेश के लोगों के हितों को ध्यान में वो अपना काम करेंगे। हमारे मुरादाबाद को पहली बार इतना अहम पद मिला है। हम लोगों में बहुत खुशी है। वहीं, चौधरी की पत्नी निशी ने कहा कि पति लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी मिलने से हम सभी में बहुत खुशी है।
भूपेंद्र सिंह की मां शकुंतला देवी ने कहा कि बेटे का यूपी भाजपा अध्यक्ष बनना बहुत खुशी की बात है। बेटा खूब तरक्की करे, मेरा यही आशीर्वाद है। छोटे भाई नरेंद्र सिंह ने कहा कि आज हमारे लिए गौरव का पल है। उन्होंने 30 से अधिक साल तक पार्टी के लिए काम किया है। चचेरे भाई देवेंद्र सिंह ने कहा कि आज हम सभी बहुत खुश हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वो और आगे बढ़ें।