फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ: आसमान में वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन, फाइटर जेट्स की हवा में कलाबाजियां देख बोले दर्शक-ये पल ऐतिहासिक

Mon, 21 Sep 2026 04:36 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ में सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के एयर शो के दूसरे दिन नौ हॉक एमके-132 विमानों ने करीब 30 मिनट तक हैरतअंगेज करतब दिखाए। आसमान में तिरंगे और दिल की आकृति वाले फॉर्मेशन ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया।
विज्ञापन
1 of 9
मेरठ में वायुसेना की सूर्यकिरण टीम का एयर शो - फोटो : अमर उजाला
मेरठ के मोहिउद्दीनपुर के आसमान में रविवार सुबह एक साथ नौ विमान नजर आए तो हजारों निगाहें आसमान पर टिक गईं। कुछ ही पलों में विमान नीचे आए, तेजी से पलटे और फिर ऊंचाई की ओर बढ़ गए। विमानों की लकीरों ने आसमान में तिरंगे की आकृति बनाई तो करीब 100 फीट की ऊंचाई पर दिल का फॉर्मेशन देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।

भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के एयर शो का रविवार को दूसरा और अंतिम दिन था। करीब 30 मिनट तक चले हवाई प्रदर्शन के दौरान मैदान लगातार तालियों और 'भारत माता की जय' और 'जय हिंद' के नारों से गूंजता रहा। हिंडन एयरबेस से उड़ान भरकर पहुंचे हॉक MK-132 विमानों ने आपसी तालमेल और सटीक फॉर्मेशन से दर्शकों को रोमांचित किया।
विज्ञापन

2 of 9
मेरठ में वायुसेना की सूर्यकिरण टीम के खतरनाक मैनूवर्स - फोटो : अमर उजाला
छुट्टी के दिन उमड़ी पहले से कई गुना भीड़
रविवार को छुट्टी होने के कारण एयर शो देखने वालों की संख्या पहले दिन के मुकाबले काफी अधिक रही। सुबह से ही शहर और आसपास के इलाकों से परिवार, बच्चे और युवा कार्यक्रम स्थल पहुंचने लगे। कई लोग आसपास की इमारतों की छतों से भी एयर शो देखते नजर आए।

मोहिउद्दीनपुर के स्थानीय लोगों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह रहा। लोगों ने कहा कि इतने बड़े आयोजन से क्षेत्र को नई पहचान मिली है।

विज्ञापन

3 of 9
स्क्वाड्रन लीडर विक्रम वेंकटेशन के साथ सेल्फी लेतीं दर्शक - फोटो : अमर उजाला
बच्चों और युवाओं में दिखा खास उत्साह
एयर शो के दौरान बच्चों और युवाओं में अलग ही उत्साह नजर आया। कोई आसमान में विमानों की दिशा बताता रहा तो कोई मोबाइल कैमरे से हर करतब को रिकॉर्ड करता रहा। कई बच्चों ने पहली बार इस तरह का एयर शो प्रत्यक्ष देखने की बात कही। उनका कहना था कि विमानों की तेज उड़ान और कलाबाजियां देखकर आंखें हटाने का मन नहीं हुआ।



 

4 of 9
मेरठ में वायुसेना की सूर्यकिरण टीम का एरोबैटिक शो - फोटो : अमर उजाला
मेरठ के तीन पायलटों का भी रहा जलवा
सूर्यकिरण के प्रदर्शन में मेरठ से जुड़े तीन पायलटों की भी भूमिका रही। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह ने विमानों को उड़ाया, जबकि स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल ने जमीन से प्रदर्शन के संचालन की कमान संभाली। स्थानीय पायलटों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया।
विज्ञापन

5 of 9
मेरठ में सूर्यकिरण टीम का एयर शो देखने पहुंचा स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल का परिवार - फोटो : अमर उजाला
बेटे को आसमान में उड़ता देख भावुक हुईं अमन गोयल की मां
पायलट अमन गोयल की मां सुनीता बेटे को आसमान में विमान उड़ाते देखकर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि बेटे को अपने शहर से पहली उड़ान भरते देखना उनके लिए गौरवशाली पल था। उनके अनुसार, अमन का बचपन से ही वायुसेना में जाने का सपना था।

उन्होंने कहा कि जब से बेटा सेना में गया है, सेना के सभी जवान उन्हें अपने बेटे जैसे लगते हैं। उन्होंने बेटे की उपलब्धि और मेरठ से उसकी उड़ान को खुशी और गर्व का क्षण बताया।
विज्ञापन

6 of 9
मेरठ में सूर्यकिरण टीम का एयर शो देखते रक्षा राज्यमंत्री - फोटो : अमर उजाला
'यह बदलते मेरठ और बदलते भारत की तस्वीर'
एयर शो में पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इसे बदलते मेरठ और बदलते भारत की तस्वीर बताया। उन्होंने मेरठ के मेट्रो और रैपिड वाला शहर बनने तथा इसके ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम करीब 30 वर्षों से देश-दुनिया के अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर भारतीय वायुसेना की क्षमता का परिचय दे रही है। उनके अनुसार, यह प्रदर्शन साहस, पराक्रम, धैर्य और अनुशासन का परिचय भी देता है तथा ऐसे आयोजन युवाओं को सेना और वायुसेना से जुड़कर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
 
विज्ञापन

7 of 9
सूर्य किरण टीम का मेरठ में एयर शो के दौरान एसएसपी व डीएम - फोटो : सुनील कैथवास, अमर उजाला
'युवाओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाला अवसर'
सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि मेरठ में सूर्यकिरण का प्रदर्शन युवाओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाला अवसर है। उन्होंने कहा कि सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और वायुसेना के पायलट आसमान में अपने कौशल का प्रदर्शन करते हैं।

राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि सेना प्रत्येक भारतीय के लिए सम्मान का विषय है और मेरठ क्रांति की धरती होने के साथ सेना के प्रति लोगों के जुड़ाव के लिए भी जाना जाता है।


 

8 of 9
ग्रुप कैप्टन जॉय चंद्रा - फोटो : अमर उजाला
'एयर शो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत'
ऑपरेशन सिंदूर में साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए वीर चक्र से सम्मानित मेरठ निवासी भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन जॉय चंद्रा भी रविवार को एयर शो देखने पहुंचे। उन्होंने कहा कि सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम देश के विभिन्न शहरों में एयर शो कर रही है। उनके अनुसार, इस तरह के आयोजन युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करते हैं और मेरठ में एयर शो होना बड़ी बात है।
विज्ञापन

9 of 9
मेरठ में सूर्यकिरण टीम का एयर शो देखती युवती - फोटो : अमर उजाला
दो दिन तक आसमान में दिखा वायुसेना का शौर्य
मोहिउद्दीनपुर में पहली बार आयोजित सूर्यकिरण एयर शो के दोनों दिन दर्शकों में उत्साह रहा। रविवार को दूसरे और अंतिम दिन नौ हॉक विमानों के फॉर्मेशन, तिरंगे और दिल की आकृति समेत विभिन्न हवाई करतबों ने पूरे परिसर को तालियों और देशभक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें