सहारनपुर जनपद के रामपुर मनिहारन थानाक्षेत्र में ससुराल पहुंचे दामाद ने ससुर, बेटे को गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी, सास और साले वारदात के वक्त पशुओं को घेर में अनाज डालने गए थे, वरना दरिंदा बना दामाद दो माऊजर लेकर पूरे खानदान को मौत की नींद सुलाने आया था। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दामाद गिर पड़ा और उसके हाथ में रखा माऊजर चल गया, जिससे उसके सीने में गोली लगी। गांव वालों ने उसकी पिटाई भी की। सुबह हुई वारदात से सनसनी फैल गई।
एसएसपी, एसपी सिटी सहित पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे। गांव वालों ने शव उठाने का विरोध किया। पुलिस पर सुरक्षा की मांग करने के बाद भी रामपुर मनिहारन थाने की ओर गौर नहीं करने पर गहरी नाराजगी जताई। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। खबर यह भी है कि जिलाधिकारी से एसएसपी ने बातचीत करके मुआवजा का एलान किया है।