राजनीतिक, जातीय और सांप्रदायिक रूप से अतिसंवेदनशील वेस्ट यूपी के शामली जिले में संघ प्रमुख डॉ. मोहनराव भागवत का तीन दिन प्रवास सियासी हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। विपक्षी दल इस प्रवास पर मंथन करने में जुटे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक के इस समय मेरठ और हापुड़ में प्रथम वर्ष के प्रशिक्षण वर्ग लगे हैं। हापुड़ में 15-40 वर्ष तो मेरठ में 40-60 वर्ष आयु के बीच के चिकित्सक, इंजीनियर, उद्यमी, व्यापारी, अधिवक्ता, सीए आदि प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इनके बीच शामली में 25 मई से 16 जून तक का 21 दिन का द्वितीय वर्ष का प्रशिक्षण वर्ग चल रहा है। जिसमें सरसंघ चालक डॉ. भागवत ने 6-8 जून तक प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने न केवल मीडिया बल्कि भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों से भी पूरी तरह दूरी बनाए रखी।