सिपाही भर्ती की शारीरिक परीक्षा देने आए अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती 2018 की नापतौल और शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया 28 नवंबर 2019 से शुरू हुई थी। इसको लेकर मेरठ समेत प्रदेश में आठ सेंटर बनाए गए हैं। मेरठ पुलिस लाइन में बने सेंटर में वेस्ट यूपी के नौ जिलों के मेरठ, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के अभ्यर्थियों की नापतौल चल रही है। जबकि दौड़ रुड़की रोड स्थित छठी वाहिनी पीएसी में चल रही है।
पुलिस के 49 हजार पदों के लिए मेरठ सेंटर पर 18 हजार 846 अभ्यर्थियों की नापतौल होनी थी। नापतौल की तारीख पांच जनवरी तक थी। भर्ती बोर्ड के नोडल अधिकारी संजीव बाजपेयी ने बताया कि भर्ती बोर्ड के निर्देश पर भर्ती प्रक्रिया के लिए चार दिन और बढ़ाए गए हैं। अब नौ जनवरी तक नापतौल की प्रक्रिया चलेगी। जो अभ्यर्थी नापतौल व शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन से वंचित रहे हैं, उनके लिए भर्ती बोर्ड ने मौका दिया है।