छात्रा ने मुश्किल से शोहदों से अपनी जान बचाई
एक आरोपी की हुई गिरफ्तारी
किठौर में कन्या पाठशाला की छात्रा से गुंडागर्दी के मामले में पुलिस का रवैया बेहद शर्मनाक था। पांच दिन से खाकी खामोश थी, ताकि लीपापोती कर मामला रफादफा हो जाए। इन वहशी युवकों की इस घिनौनी करतूत का वीडियो वायरल होने पर पुलिस की नींद टूटी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन आरोपियों पर मजबूत कार्रवाई करना उनके सामने चुनौती बन गया। पुलिस का दावा कि पीड़ित छात्रा ने कहा कि वह कोई कार्रवाई नहीं कराना चाहती।
एसएसपी नितिन तिवारी के मुताबिक, छात्रा से छेड़खानी और बदसलूकी के वीडियो की जानकारी शुक्रवार को शाम चार बजे पता चली। जिसके बाद एसपी देहात अविनाश पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। देर रात में पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव उर्फ गोल्डी पुत्र यशपाल निवासी किठौर को गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया है, जोकि दूसरे समुदाय से जुडे़ हैं। जिनसे अभी पूछताछ चल रही है। वहीं, किठौर पुलिस ने छात्रा से छेड़खानी की जानकारी पांच दिन पहले होने की बात कहीं है।