मेरठ में लॉकडाउन खुलते ही नकली खेल सामग्री बनाने वाले भी सक्रिय हो गए हैं। शनिवार को ब्रांड प्रोटेक्टर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (गुरुग्राम) की टीम ने करीब चार लाख रुपए कीमत का नकली माल पकड़ा। ब्रांड प्रोटेक्टर्स के डायरेक्टर धीरेंद्र सिंह ने फर्म संचालक के खिलाफ टीपी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
धीरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर उन्होंने शनिवार को टीपी नगर थाना पुलिस के साथ दिल्ली रोड पर एक कार को रुकवा लिया। तलाशी में गाड़ी के अंदर से ब्रांडेड कंपनी योनेक्स, एसएस और एसजी कंपनी का खेल का सामान बरामद हुआ। कार सवार की पहचान हस्तिनापुर निवासी श्रीराम स्पोर्ट्स नाम की फर्म मालिक दिनेश कुमार के रूप में हुई।
धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पांच माह पहले लालकुर्ती क्षेत्र में इसी तरह की एक कार्रवाई के दौरान दिनेश का नाम सामने आया था। उसके बाद से लगातार दिनेश पर नजर रखी जा रही थी। उन्होंने बताया दिनेश हस्तिनापुर में सामान तैयार कर तड़के शहर स्थित अपने गोदाम पर ले आता था। वहीं से माल डिलीवरी करता था।
शहरों में करता था सप्लाई
मौके से टीम ने 75 पीस योनेक्स कंपनी के बैडमिंटन, 225 एसएस कंपनी के एल्बो गार्ड और करीब इतने ही एलजी कंपनी के एल्बो गार्ड जब्त किए हैं। बाजार में इनकी कीमत करीब चार लाख रुपये है। दिनेश के अनुसार कोलकाता, पटना, चंडीगढ़, भोपाल, इंदौर और दिल्ली तक माल की सप्लाई होती रही है। शहर में कितने लोगों के पास माल की सप्लाई होती थी, इसका सुराग लगाया जा रहा है।
ब्रांड प्रोटेक्टर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक धीरेंद्र सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। ऐसे मामलों में कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। -चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ ब्रह्मपुरी