फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: जब दोस्त दगा दे जाए तो ऐसा अंजाम होता है... चंद रुपयों की खातिर किशोर का एलानिया कत्ल; दोस्तों ने मार डाला

Thu, 30 Jan 2025 03:15 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में तीन अलग-अलग हत्या के मामले सामने आए। तीनों घटनाएं अलग-अलग थाना इलाके में हुई। पुलिस ने जब तीनों मामलों की जांच की तो चौंकाने वाली कहानी सामने आई। चंद रुपयों की खातिर दोस्तों ने ही तीनों मामलों में दगा दे दिया। 
विज्ञापन
1 of 8
Meerut Crime News - फोटो : अमर उजाला
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर स्थित जर्जर सामुदायिक भवन में रविवार को नौमान (17) की एलानिया हत्या कर दी। पुलिस ने नौमान के दोस्त सुहेल उर्फ आऊ, मोहम्मद आमिर और अरबाज को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। आरोपियों ने पांच हजार रुपये के विवाद में नौमान के सिर पर ईंटों से वार कर और छुरी से गला रेत कर हत्या की थी।

खुशहालनगर हरी मस्जिद निवासी नौमान के पड़ोस में रहने वाले सुहेल पर काफी समय से पांच हजार रुपये उधार थे। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था। सुहेल ने नौमान को जान से मारने की धमकी दी थी। रविवार दोपहर नौमान का शव खुशहाल नगर में खंडहर में पड़ा मिला। खून से सनी ईंट के टुकड़े मौके पर पड़े थे। जानकारी मिलने पर परिजन पहुंच गए। पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। शव को मोर्चरी भेजा गया। 
 
विज्ञापन

2 of 8
पुलिस हिरासत में हत्यारोपी - फोटो : अमर उजाला
परिजनों ने तीनों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सुहेल के पास से छुरी भी बरामद कर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई। सोमवार को पुलिस ने अरबाज को भी गिरफ्तार कर लिया। 

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि नशे में रुपये के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद नौमान की हत्या कर दी गई। हत्यारोपी सुहेल,  मोहम्मद आमिर, अरबाज ने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार किया है। हत्या में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद कर ली है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया। 
 
विज्ञापन

3 of 8
दीपचंद हत्याकांड का आरोपी राजू - फोटो : अमर उजाला
असामाजिक तत्वों का ठिकाना बना सामुदायिक केंद्र
खुशहाल नगर में सामुदायिक केंद्र का निर्माण वर्ष 2014 में करीब 80 लाख की लागत से हुआ था। इसका कोई इस्तेमाल नहीं हुआ। रखरखाव के अभाव में वह खंडहर में तब्दील हो चुका है। असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों ने इसे अपना ठिकाना बना लिया है। सभासदों ने इसकी मरम्मत का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन इस पर नगर निगम बोर्ड में सहमति नहीं बनी।
 
  • 10 जनवरी 2025 : गंगानगर में कांशीराम आवास योजना निवासी शिवम तोमर ने दोस्त अमन की सिर में डंडे के वार कर हत्या कर दी। 
  • 28 दिसंबर 2024 : कंकरखेड़ा की वर्णिका स्टेट कॉलोनी निवासी 11वीं के छात्र अभिनव की नाबालिग दोस्त ने मेडिकल थाना क्षेत्र में गढ़ रोड पर हथौड़े के वार कर हत्या कर दी थी।
  • 25 नवंबर 2024 : गंगानगर क्षेत्र निवासी रितिक की उसके दोस्त युवराज, राहुल और सोनू पहाड़ी ने हत्या कर दी थी। 
  • 19 नवंबर 2024 : लोहिया नगर क्षेत्र के जाहिदपुर निवासी साजिद अल्वी की दोस्त साजिद अंसारी और आफताब ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। 

4 of 8
मृतक दीपचंद - फोटो : अमर उजाला
केस-2
उधार लौटाने के बहाने ग्रामीण को घर से बुलाकर दोस्तों ने मार डाला

उधार लिए रुपये लौटने के बहाने घर से बुलाकर मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर चट्टावन निवासी दीपचंद उर्फ दीपू (48) को हसनपुर निवासी दोस्तों ने लाठी डंडों और ईंटों से प्रहार कर मार डाला। हत्यारोपियों ने शव को मेरठ-गढ़ हाईवे पर हसनपुर बाईपास के पास एक नलकूप पर फेंक दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो नामजद आरोपियों राजू व नरेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर चट्टवन निवासी सुभाष पुत्र राज सिंह ने किठौर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि किठौर थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर कला निवासी राजू पुत्र भोलेराम व नरेश पुत्र राजपाल दोनों ही उसके भाई दीपचंद के पुराने मित्र थे। दोनों का उसके भाई के मकान पर काफी आना-जाना भी है। कई बार दोनों उसके भाई के मकान पर भी रुक जाते थे। उसका भाई दीपचंद भी इनके साथ चला जाता था। 
विज्ञापन

5 of 8
हत्यारोपी नरेश - फोटो : अमर उजाला
राजू ने कई महीने पहले उसके भाई दीपचंद से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। शनिवार रात्रि में करीब आठ बजे राजू व नरेश उनके गांव पहुंचे तथा उसके भाई दीपचंद उर्फ दीपू को अपने साथ ले गए थे। जाते वक्त जब दीपचंद के बच्चों ने उनसे पूछा तो दोनों दोस्तों ने उधार ली रकम वापस देना बताया। दोनों दोस्तों की बातों का विश्वास कर दीपचंद उनके साथ चला गया। शनिवार रात्रि करीब नौ बजे गांव के ही कुछ लोगों ने सुभाष को सूचना दी कि गांव में बैंक के सामने दीपचंद के साथ उसके दोस्त मारपीट कर रहे हैं। जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तब तक सभी लोग जा चुके थे। बाद में सुभाष ग्रामीणों के साथ अपने भाई दीपचंद को तलाशता हुआ हसनपुर कलां में निर्माणाधीन बाईपास पर पहुंचा, जहां सड़क किनारे नलकूप के पास राजू, नरेश व दो अन्य लोग मिलकर उसके भाई दीपचंद की डंडों और ईंट पत्थरों से पिटाई कर रहे थे। सुभाष के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो दीपचंद मृत पड़ा था।
विज्ञापन

15 वर्ष पहले पत्नी की हो चुकी है मौत
एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि किठौर पुलिस ने मृतक के भाई सुभाष की ओर से राजू व नरेश के नामजद और दो अज्ञात समेत चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। दो अज्ञात हत्यारोपियों की अभी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार दीपचंद की पत्नी की 16 वर्ष पहले मौत हो गई थी। दीपचंद पहले किसी गाड़ी पर चालक था। लेकिन अब कुछ समय से उसके पैर में चोट लगने के कारण वह फिलहाल घर हर पर ही रहता था। दीपचंद की दो बेटी व एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है।
 
विज्ञापन

केस-3
60 हजार रुपये के विवाद में ईंट से कूचकर कर्मचारी की हत्या

चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव भलसोना के पास एक कंपनी के कर्मचारी मोहन (45) का शव मिला। उसकी ईंट से सिर कूचकर हत्या की गई है। मोहन मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के सोरम का रहने वाला था। हत्या करने के बाद शव को ईख के खेत में फेंका गया है। परिजनों ने रुपयों के लेनदेन में मृतक के दोस्त अमित पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सरधना पुलिस ने सोरम निवासी अमित पुत्र ऋषिपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में लगी है।  रविवार देर शाम गांव भलसोना निवासी संजय अपने खेत पर था। उसने ईख के खेत में खून से लथपथ शव देखा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शव के पास आधार कार्ड पड़ा मिला। मृतक की पहचान मोहन पुत्र बृजपाल निवासी गांव सोरम थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। जांच में सामने आया है कि मोहन की सिर पर ईंटों से वार कर हत्या की गई है। 
 
विज्ञापन

इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की नीयत से यहां लाकर फेंका गया है। सूचना पर सरधना थाना पहुंचे मृतक के परिजनों ने गांव निवासी आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि सोरम निवासी आरोपी अमित पुत्र ऋषिपाल से 60 हजार के लेनदेन को लेकर मोहन का विवाद चल रहा था। दोनों दोस्त थे। कई दिन पहले अमित व मोहन में लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपी अमित ने मोहन की हत्या कर शव को भलसोना के जंगल में फेंका है। पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। 

दो दिन पहले हरिद्वार से आया मगर गांव नहीं पहुंचा
परिजनों ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले मोहन हरिद्वार से आया था, लेकिन गांव नहीं पहुंचा। उसका शव मिलने की जानकारी मिली। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश की जा रही है।

कई दिन से चल रहा था झगड़ा 
परिजनों का आरोप है कि मोहन के दोस्त अमित से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। कई दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिस कारण उसकी हत्या कर दी गई है। बताया कि मोहन हरिद्वार में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती बताई जा रही है। अधिकतर खाली समय दोनों एक साथ गुजारते थे। 60 हजार के लेनदेन ने दोनों के बीच दूरियां बढ़ा दीं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें