मेरठ में ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो का उत्तराखंड के बाजपुर में फार्म हाउस है। उसकी आलीशान कोठी ध्वस्त कर खुद की पीठ थपथपाने वाली मेरठ पुलिस को ढाई साल बाद उसके फार्म हाउस का पता चला। इसी पते से बद्दो ने पासपोर्ट बनवाया था।
बदन सिंह बद्दो को पकड़ने में नाकाम पुलिस की जांच कछुवे से भी धीमी गति से चल रही है। पंजाबीपुरा टीपीनगर में भी उसकी कोठी खोजने में पुलिस को दो साल लग गए थे। इसके बाद उसे कुर्क किया गया था। 12 अगस्त को मेरठ दौरे पर डीजीपी मुकुल गोयल ने बद्दो का जिक्र किया तब पुलिस की नींद टूटी। एसपी क्राइम और एसओजी की टीम नए सिरे से उसकी तलाशी में जुटे तो उसका एक फार्म हाउस भी होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, उत्तराखंड के बाजपुर में बद्दो का करीब पांच बीघा जमीन में एक फार्म हाउस मिला है। जो उसकी अय्याशी का अड्डा था। तीन दिन पहले मेरठ पुलिस ने इस फार्म हाउस पर छापा मारा। जहां से काफी जानकारी जुटाई। बताया कि बाजपुर में बद्दो का एक दोस्त है। जिसकी वहां पर करोड़ों रुपये की संपत्ति है। जिसके जरिये उसने वहां पर जमीन ली और फिर फार्म हाउस बनाया। पुलिस ने उस दोस्त से भी जानकारी ली, लेकिन बद्दो की फरारी से जुड़ी जानकारी कम मिली।