फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'आजाद' होते ही बोले चंद्रशेखर, 'हिंसा का समर्थन नहीं करती भीम आर्मी, लड़ाने वालों से रहें सावधान

Tue, 18 Sep 2018 10:35 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
1 of 5
chandrashekhar
भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर ने जेल से रिहा होकर एकदम बदले अंदाज और तेवर में नजर आ रहे हैं। हाल ही में चंद्रशेखर ने खुद को रावण कह जाने को लेकर भी नाराजगी जताई। इसके बाद चंद्रशेखर ने भीम आर्मी के पेज से अपने समर्थकों को लाइव संबोधित किया।जिसमें उन्होंने कहा कि भीम आर्मी किसी भी भी हिंसा का समर्थन नहीं करती। वंचितों और शोषितों की लड़ाई के लिए उनका संघर्ष हमेशा जारी रहेगा। इसके लिए वह कोई भी बलिदान देने को तैयार हैं।गौरतलब है कि सोमवार को देर रात जेएनयू की छात्र राजनीति से देश भर में चर्चित हुए छात्र नेता उमर खालिद ने रविवार की रात छुटमलपुर पहुंचकर चंद्रशेखर से भेंट की। इस दौरान उनके साथ 20 से ज्यादा छात्र मौजूद रहे।
विज्ञापन

2 of 5
चंद्रशेखर आजाद रावण
करीब 20 मिनट के संबोधन में चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कहा कि बाबा साहब, मुल्ला पेरियार, महात्मा ज्योतिबा फूले उनके आदर्श हैं। जहां भी समाज के वंचितों और दबे कुचले वर्गों का शोषण होगा वहां भीम आर्मी सीना तान कर विरोध में खड़ी होगी। चाहे इसके लिए उन्हें कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े। उन्होंने कहा कि लंबे समय से दलितों, अल्पसंख्यकों और पिछड़ा वर्ग पर अत्याचार हो रहा है। इसे खत्म करने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। भले ही भाजपा सरकार इसमें कितना भी अड़ंगा क्यों ना लगा ले। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हमें आपस में लड़ाने का काम कर कर रहे हैं। ऐसे लोगों की साजिशों से हमें सावधान रहना होगा। चंद्रशेखर ने मंगलवार को भीम आर्मी के प्रदेश संयोजकों की लिस्ट जारी करने की बात कही। कहा कि जो भी भीम आर्मी से जुड़ना चाहता है वह अपने प्रदेश संयोजक से बात कर ले। उन्होंने संविधान के दायरे में रहकर समाज के लिए कार्य करने की बात की। उन्होंने कहा कि देश भर में संगठन को मजबूत किया जाएगा, ताकि कहीं भी किसी भी स्तर पर किसी का उत्पीड़न न हो सके। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई स्वर्ण समाज से नहीं बल्कि दलित विरोधी मानसिकता से है। 
       
विज्ञापन

रात में उमर खालिद ने की चंद्रशेखर से गुफ्तगू 

3 of 5
चंद्रशेखर उर्फ रावण - फोटो : अमर उजाला
जेएनयू की छात्र राजनीति से देश भर में चर्चित हुए छात्र नेता उमर खालिद ने रविवार की रात छुटमलपुर पहुंचकर चंद्रशेखर से भेंट की। इस दौरान उनके साथ 20 से ज्यादा छात्र मौजूद रहे। करीब पौना घंटा तक चंद्रशेखर से बात करने के बाद रात में ही उमर खालिद दिल्ली के लिए निकल गए। रविवार रात पौने 11 बजे जेएनयू की छात्र राजनीति से सुर्खियों में आए छात्र नेता उमर खालिद अपने बीस से ज्यादा साथियों के साथ चंद्रशेखर से मिलने उनके घर पहुंचे। दोनों युवाओं ने गर्मजोशी के साथ एक दूसरे के गले मिल कर अपनत्व जताया। साथ ही दोनों ने सेल्फी भी ली। उन्होंने चंद्रशेखर को रिहाई के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान जेएनयू में हुए छात्र संघ चुनाव में वामपंथी पैनल की जीत पर भी दोनों के बीच चर्चा हुई। पौना घंटा तक चंद्रशेखर के आवास पर रुके उमर खालिद ने आधा घंटा तक उनसे एकांत में बातें की। इसके बाद वे करीब साढे़ 11 बजे अपने साथियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रात दस बजे ही बसपा सरकार में काबीना मंत्री रहे दद्दू सिंह ने भी हरिजन कालोनी पहुंच चंद्रशेखर से मुलाकात की।  सोमवार की दुपहर हरियाणा कैडर के पूर्व आईपीएस एसआर दारापुरी ने भी छुटमलपुर पहुंचकर चंद्रशेखर से भेंट की। आधा घंटा तक रुके दारापुरी ने चंद्रशेखर के साथ उसके संगठन और दूसरे मुद्दों पर बातचीत की। 

चंद्रशेखर के घर लग रहा मिलने वालों का तांता

4 of 5
चंद्रशेखर उर्फ रावण
जेल से छूटने के बाद तीन दिन से चंद्रशेखर के हरिजन कालोनी स्थित आवास पर मेला लगा है। सुबह शाम तो मिलने पहुंचने वालों की तादाद अच्छी खासी हो जाती है। 15 सितंबर की सुबह जेल से छूटने पर सवा तीन बजे घर पहुंचने के बाद से ही चंद्रशेखर से मिलने वालों का उसके घर पर तांता लगा है। यहां सुबह शाम तो मेले जैसी स्थिति हो जाती है। युवाओं में जहां उसके साथ सेल्फी खिंचवाने की होड़ मची है वहीं दूसरे राज्यों से भी उसके समर्थक लगातार मिलने आ रहे हैं। सेल्फी खिंचवाने के बाद ये युवा उसे फेस बुक पर अपलोड कर रहे हैं। सुबह पांच बजे से लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो जाता है जो कई बार तो आधी रात तक चलता है। दूर दराज से आने वाले छात्र नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनेताओं के साथ वह लंबी मंत्रणा भी कर रहा है। खास बात यह है कि उसके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में ज्यादातर नव युवक शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप 

5 of 5
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण
तलहेड़ी बुजुर्ग गांव में बाइक सवार चार लोगों ने हिंदू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री को मारपीट कर घायल कर दिया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। तलहेड़ी गांव निवासी टिंकू गुर्जर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह तलहेड़ी बस स्टैंड के समीप मकान बनवा रहा है। रविवार की रात्रि वह घर के बाहर खड़े होकर निर्माण कार्य देख रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइकों पर वहां पहुंचे चार युवक उसके साथ अकारण ही गाली गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसमें वह घायल हो गया। शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों को मौके पर आता देख उक्त लोग जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल टिंकू गुर्जर का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। उसका आरोप है कि उस पर हमला करने वाले भीम आर्मी के कार्यकर्ता हो सकते हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें