दिल्ली पुलिस, एसटीएफ और मेरठ पुलिस ने बुधवार शाम संयुक्त रूप से परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर स्थित एक मकान पर दबिश देकर दिल्ली से अपहृत डॉक्टर ए. श्रीकांत गौड़ को छुड़ा लिया। बदमाशों और पुलिस में 50 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है। डॉक्टर को छुड़ाने के बाद दिल्ली पुलिस उन्हें बाईपास स्थित एक होटल में पूछताछ के लिए ले गई। देर रात तक पुलिस अफसर छानबीन में जुटे रहे। एक सप्ताह से दिल्ली पुलिस की एसटीएफ समेत 24 टीमें मेरठ में डेरा डाले हुए थीं।
विज्ञापन
मुठभेड़ के बाद फर्श पर बिखरा खून
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बुधवार शाम छह बजे दिल्ली पुलिस के डीसीपी, दिल्ली एसटीएफ, मेरठ एसटीएफ, एसपी क्राइम शिवराम यादव, परतापुर पुलिस ने शताब्दीनगर स्थित ए ब्लॉक के तिराहे पर बी ब्लॉक में एक मकान पर दबिश दी। जैसे ही एसटीएफ और पुलिस टीम ने मकान का दरवाजा खटखटाया तो बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बदमाश छत से गोलियां बरसाते रहे और पुलिस घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग करती रही। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश प्रमोद गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस टीम ने घायल प्रमोद समेत तीन बदमाश गिरफ्तार किए हैं। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से कई हथियार भी बरामद किए हैं।
मौके पर लोगों की भीड़
पुलिस के मुताबिक आंध्र प्रदेश के रहने वाले डॉ. श्रीकांत गौड़ (29) दिल्ली में मेट्रो हार्ट एवं कैंसर अस्पताल प्रीत विहार में डॉक्टर हैं। वह दिल्ली में गौतम नगर में रहते हैं। छह जुलाई को प्रीत विहार मेट्रो स्टेशन से घर जाने के लिए उन्होंने ओला कैब बुक की थी। उसके बाद बदमाशों ने कैब समेत डॉक्टर का अपहरण कर ओला कैब कॉल सेंटर पर कॉल कर पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। अपहृत डॉक्टर के साथी डॉ. राकेश ने दिल्ली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घर के बाहर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली पुलिस ने डॉक्टर के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा रखा था। जिसमें एक नंबर मुजफ्फरनगर के दौराला क्षेत्र के दादरी गांव निवासी अनुज पुत्र सतबीर का ट्रेस हुआ। इस नंबर की लोकेशन खतौली में मिलने पर पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने सफेद वैगनार कार यूपी 15सीटी 2291 में सवार बदमाश अनुज का खतौली से पीछा शुरू किया। दौराला बॉर्डर से पहले बदमाश ने पुलिस को पीछा करते देखा तो वह कार दौड़ाता हुआ दौराला क्षेत्र में सकौती-पीरपुर मार्ग पर ले गया।
यहां दिल्ली पुलिस ने उसकी घेराबंदी की तो बदमाश ने पहले तो पांच फीट ऊपर से गाड़ी को कूदा दिया। इस दौरान कार का टायर भी फट गया। कार से कूदकर बदमाश जंगल में घुस गया था। दिल्ली और मेरठ पुलिस ने जंगल में करीब छह घंटे तक कांबिंग की। लेकिन सफलता नहीं मिली। गौरतलब है कि बदमाश पांच करोड़ रुपये की फिरौती लेने के लिए मोबाइल फोन से डॉक्टर के घर वीडियो भेज रहे थे। बदमाश धमकी दे रहे थे कि पैसे जल्दी दो दो, नहीं तो डॉक्टर की हत्या कर देंगे। अगर पुलिस को बताया तो फिर अंजाम बुरा होगा।