मथुरा के टाउनशिप रिफाइनरी में मंगलवार को एवीयू (एटमॉस्फियरिक वैक्यूम) यूनिट प्लांट में तेज धमाके के साथ आग लग गई। इसकी चपेट में आकर दो प्रोडक्शन मैनेजर समेत दस लोग बुरी तरह से झुलस गए। इनमें से छह लोगों को दिल्ली रेफर किया गया है। हादसे से बाद आनन फानन अधिकारियों ने उधर ही दौड़ लगाई। देर रात तक डीएम एवं एसएसपी मौके पर थे और पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही थी।
मंगलवार की देर शाम रिफाइनरी के एवीयू प्लांट में मरम्मत के बाद टेस्टिंग का कार्य चल रहा था। दरअसल प्लांट चालीस दिन से बंद था और अब उसकी फाइनल टेस्टिंग की जा रही थी। तभी अचानक फर्निश लाइन गर्म होने के बाद तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गई। इसके चलते प्लांट में आग लग गई। इससे इसके आसपास काम कर रहे दो प्रोडक्शन मैनेजर राजीव एवं समीर श्रीवास्तव समेत दस लोग झुलए गए। रिफाइनरी में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन रिफाइनरी की दमकल मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य में जुट गई। उन्होंने प्लांट के अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। इधर, रिफाइनरी की एंबुलेंस सभी को लेकर रिफाइनरी नगर अस्पताल पहुंची।