लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र में मिश्राना चौकी से चंद कदमों की दूरी पर सोमवार रात हुए अमोघ उर्फ देव सेठ हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी अनमोल समेत उसके चार-पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस सीडीआर भी खंगाल रही है। कुछ संदिग्ध लोग भी हिरासत में लिए गए हैं। उधर, मंगलवार दोपहर में देव के शव का पोस्टमॉर्टम हुआ, इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
देव हत्याकांड के मुख्य आरोपी अनमोल ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर कई वीडियो अपलोड कर रखे हैं। इनमें एक वीडियो ऐसा भी है, जिसमें थिंक लाइक ए गैंगस्टर लिखकर पोस्ट किया गया है। साथ ही वीडियो में बुरा करने वाले को जिंदा होना गलतफहमी बताने वाला वीडियो भी डाल रखा है। माना जा रहा है कि आरोपी इस तरह से वीडियो डालकर दहशत बनाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन किसी ने भी इन वीडियो को गंभीरता से नहीं लिया।