नाव हादसे की खबर सुन नदीं में कूद पड़े डीपीआरओ
मंझनपुर। नाव हादसे के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी गोपाल जी ओझा बड़ा गढ़वा गांव में ही थे। जैसे ही उन्हें नाव पलटने की खबर मिली तो उन्होंने फौरन पैंट उतारी औैर कमर तक पानी में उतर गए। अधिकारी को ऐसा करता देख गांव के लोगों का हौसला बढ़ा और करीब आधा घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन ने सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बड़ा गढ़वा गांव में बाढ़ के हालात पर नजर रखने के लिए डीपीआरओ को नोडल अफसर बनाया गया है। शुक्रवार की रात भी चार परिवारों के यहां बाढ का पानी पहुंच गया था। इन परिवारों को शरणार्थी कैंप मेें लाया गया। शनिवार की सुबह डीपीआरओ उन लोगों को राशन आदि का वितरण कराने पहुंचे थे। वितरण का काम हो रहा था, कि हल्ला मचा कि नदी में नाव पलट गई। गांव का हर शख्स नदी की तरफ भागा। इस पर डीपीआरओ भी दौड़े और पैंट उतारकर गहरे पानी में उतर गए। अफसर का साहस देख गांव के लोग भी नाव लेकर नदी की तरफ भागे। डीपीआरओ चिल्ला रहे थे कि ये गमछा ले लो, पकड़ने में मदद मिलेगी। सभी के सकुशल बचा लिए जाने के बाद डीपीआरओ के किस्से सोशल मीडिया पर छा गए।