यूपी के कासगंज जिले में विशाल मेगा मार्ट के वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। विकराल लपटों को देख आसपास की दुकानों बंद करा दिया गया और मकानों को खाली करा दिया गया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन काले धुएं का गुबार रात तक निकलता रहा।
विज्ञापन
1 of 11
कासगंज में विशाल मेगा मार्ट के वेयरहाउस में लगी भीषण आग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज के नदरई गेट बाजार के एसबी प्लाजा में स्थित विशाल मेगा मार्ट के वेयरहाउस में बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। फायर अलार्म बजते ही स्टाफ सहित प्लाजा में मौजूद अन्य लोग बाहर निकल आए। बाजार में 300 मीटर दूर तक काले धुएं के गुबार उठने से लोग खांसी और आंखों में जलन से परेशान रहे। पांच जिलों से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, धुएं का गुबार रात तक निकलता रहा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के मकान और दुकान खाली करा दिए हैं। आग लगने के प्रमुख कारणों की जांच की जा रही है।
एसबी प्लाजा में विशाल मेगा मार्ट के सेकेंड फ्लोर पर स्थित वेयरहाउस में बुधवार को सुबह करीब 11.30 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। उस वक्त मार्ट में तीन स्टाफ के लोग और एक गार्ड मौजूद था। धुआं उठने पर फायर अलार्म बजा तो खलबली मच गई। स्टाफ ने अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग विकराल रूप लेते चली गई। तब स्टाफ के लोग भी बाहर निकल आए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने पहले प्लाजा में आगे की ओर से ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ दाखिल हुई, लेकिन अंदर आग की लपटें तेज होने पर पीछे की दीवार काटकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
विज्ञापन
2 of 11
लपटों देख दहशत में प्रार्थना करता व्यक्ति।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सूचना पर डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह समेत तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य के लिए पांच जिलों से दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर बुलवा लिया गया। एहतियात के तौर पर बाजार जाने वाले रास्ते पर बेरिकेडिंग लगाकर ट्रैफिक रोक दिया गया। आसपास की दुकानों बंद करा दिया गया और मकानों को खाली करा दिया गया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन काले धुएं का गुबार रात तक निकलता रहा।
विज्ञापन
3 of 11
आग से धुएं का गुबार छा गया।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे में करीब एक करोड़ से ज्यादा का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, असल आकलन आग के पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही हो सकेगा। डीएम प्रणय सिंह ने बताया कि विशाल मेगा मार्ट में शार्ट सर्किट से आग भड़क गई थी। उसमें काम करने वाले स्टाफ को निकाल लिया गया। तत्काल दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। पड़ोसी जिलों से दमकल वाहनों को मंगवाकर आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
4 of 11
कासगंज अग्निकांड।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आग के बाद भी खुली थी प्लास्टिक सामान की दुकान, पुलिस ने कराया बंद
विशाल मेगा मार्ट में आग की घटना के बाद भी आसपास सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही थी। इसके बावजूद एक प्लास्टिक सामान विक्रेता ने अपनी दुकान खोले रखी थी और बाहर भी सामान रखा हुआ था। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की नजर दुकान पर पड़ी तो उसने तत्काल दुकान बंद करने की हिदायत दी। पुलिसकर्मी ने दुकानदार को आग की घटना के मद्देनजर एहतियात बरतने और दुकान बंद रखने को कहा। इसके बाद दुकान बंद कर दी गई। आग की घटना के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी कर रही है।
विज्ञापन
5 of 11
कासगंज अग्निकांड।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आग के बाद नदरई गेट की गलियों में जाम, राहगीर परेशान
विशाल मेगा मार्ट में आग की घटना के बाद नदरई गेट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। मुख्य मार्ग पर आवागमन नियंत्रित किए जाने के चलते आसपास की गलियों में वाहनों का दबाव बढ़ गया। इससे कई गलियों में जाम जैसे हालात बने रहे और राहगीरों को निकलने में परेशानी हुई। आग की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के मार्गों पर आवागमन नियंत्रित किया। मुख्य रास्ते से वाहन नहीं निकल सके तो लोगों ने वैकल्पिक गलियों का रुख किया। इससे संकरी गलियों में वाहनों की कतार लग गई। पैदल राहगीरों को भी बीच से निकलने में दिक्कत हुई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिसकर्मी क्षेत्र में मौजूद रहे और यातायात को व्यवस्थित कराने का प्रयास करते रहे। आग की घटना के कारण क्षेत्र में लोगों की आवाजाही और वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहा।
विज्ञापन
6 of 11
माैके पर डटे रहे आला अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
माैके पर डटे रहे डीएम-एसपी
कासगंज के एसबी प्लाजा के विशाल मेगा मार्ट में हुए भीषण अग्निकांड की सूचना पर डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह प्रशासनिक और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। धुआं होने के बावजूद प्रशासनिक अमला एसबी प्लाजा में पहुंचा। जिलाधिकारी ने सीएफओ आरके तिवारी से राहत व बचाव कार्यों की स्थिति के बारे में पूछा। अन्य जनपदों से दमकल की गाड़ियां बुलाने के निर्देश दिए और आस पास के मकान खाली करवाने के संबंध में भी निर्देशित किया गया। एसपी ओपी सिंह ने सीओ आंचल चौहान एवं कोतवाली निरीक्षक को ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने, घटनास्थल की ओर लोगों का आवागमन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों के दौरान यातायात से कोई बाधा न हो। उन्होंने दमकल की गाड़ियों के आवागमन के लिए कॉरिडोर बनाने के निर्देश दिए। जिससे राहत बचाव कार्य के लिए पहुंचने वाले वाहन मौके पर समय से पहुंच सकें। नदरई गेट, बारहद्वारी सहित अन्य स्थानों पर पुलिस को लगाया गया। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने दमकल की गाड़ियों को पानी उपलब्ध कराने के एसडीएम एसएन त्रिपाठी, तहसीलदार बलवंत सिंह को निर्देश दिए। जिससे आग बुझाने के कार्य में पानी की कमी बाधा न बन सके। अधिकारियों ने घटनास्थल के आस पास के मकानों की छतों पर पहुंचकर ऊंचाई से आग की स्थिति का आकलन किया। इसके पश्चात प्रशासनिक अधिकारी बाजार में ही एक दुकान पर काफी देर बैठकर राहत बचाव कार्य का अपडेट लेते रहे।
विज्ञापन
7 of 11
लपटों पर काबू पाने में जुटे दमकल कर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दीवार काटकर की पानी की बौछार
नदरई गेट बाजार के एसबी प्लाजा में बुधवार दोपहर विशाल मेगा मार्ट में लगी आग बुझाने के लिए दमकल कर्मी घंटों तक जूझते रहे। आग लगने की सूचना पर पहुंची दमकल टीम धुआं से बचने के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ पहले आगे की ओर से प्लाजा में घुसी। टीम दीवार काटकर अंदर दाखिल हुई तो मार्ट के पिछले गोदाम में लगी विकराल आग को देखकर उनके भी पैर ठिठक गए। काले घने धुएं और तेज लपटों के चलते आग बूझाना मुश्किल हो रहा था। तब दमकल टीम ने बिल्डिंग के पीछे गली में खुलने वाले दरवाजे से अंदर घुसकर आग बुझाने का प्रयास किया। क्योंकि सबसे विकराल स्थिति पीछे की साइड में ही थी। दमकल टीम ने पीछे गली से सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़कर दीवार काटी। इसके बाद बिबिल्डिंग के छज्जे से पानी की बौछार डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी ज्यादा तेज थी कि दमकल कर्मी आगे जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। वहीं, अंदर आग की लपटों के बीच रह-रहकर हल्के धमाके हो रहे थे, मगर जान हथेली पर रखकर दमकल कर्मी आग बुझाने में डटे रहे। बाद में पीछे की दीवार को कटर की मदद से और काटा गया, फिर सामने के मकान के छज्जे से पानी की बौछार करके दोबारा आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग की लपटों पर काबू पा लिया, मगर देर शाम तक धुएं के गुबार उठते रहे।
8 of 11
कई जिलों से बुलाईं गई दमकल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
5 जिलों से पहुंची 12 दमकल की गाड़ियां
विशाल मेगा मार्ट में भीषण आग लगने पर आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया। आग पर काबू पाने के लिए आसपास के जिलों से दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। इस पर एटा, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद और बदायूं जनपद से करीब 12 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। ताकि बचाव कार्य के दौरान पानी की किल्लत न हो। विशाल मेगा मार्ट में आग लगने की सूचना पर अग्निशमन विभाग की एक के बाद एक कई गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन भीषण आग के सामने सभी कम पड़ गईं। आग पर काबू पाने को दमकल की गाड़ियां पानी भरने के लिए लगातार दौड़ती रहीं। यातायात पुलिस दमकल की गाड़ियों को बाजार के बीच से निकलवाने के लिए मशक्कत करती रहीं।
9 of 11
विशाल मेगा मार्ट में धधकती आग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सायरन बजते ही मची अफरातफरी
एसबी प्लाजा के विशाल मेगामार्ट में बुधवार सुबह करीब 11:35 बजे अचानक आग लगने और सायरन बजते ही अफरातफरी मच गई। तभी मार्ट के प्रबंधक विनोद कोहली चिल्लाते हुए भागे और माैजूद स्टाफ व ग्राहकों को बाहर निकला। देखते ही देखते धुएं का गुबार और घना होकर फैल गया। प्लाजा में माैजूद अन्य दुकानदार और ग्राहक भी हड़बड़ाहट में बाहर निकलने के लिए भागने लगे। इससे पास के नदरई गेट बाजार के दुकानदारों में भी दहशत फैल गई। लोग घटना की जगह इकट्ठे होने लगे लेकिन काला धुआं देखकर अंदर जाने की हिम्मत नहीं कर सके। लोगों का बताया कि कुछ कदम अंदर जाने की कोशिश करने में ही दम घुट रहा था। देखते ही देखते धुआं गहरा और काला हो गया। इसकी गंध पूरे इलाके में फैल गई। विशाल मेगा मार्ट के स्टाफ ने पहले अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुए। इसके बाद अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई।
10 of 11
दुकान बंद कर जाते व्यापारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छतों पर चढ़कर लिया स्थिति का जायजा
सीओ आंचल चौहान, एसडीएम एसएन त्रिपाठी सूचना के बाद तत्काल मौके पर पहुंच गए और भीड़ को रोकने और राहत बचाव कार्य में जुटे रहे। दोपहर के समय घटना की सूचना पर डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह भी मौके पर पहुंचे और घरों की छतों पर चढ़कर स्थिति का जायजा लिया। आसपास के दुकानदारों से घटनाक्रम की जानकारी ली। विशाल मेगा मार्ट में आग की लपटें और धुआं देखकर राहगीर ठिठक गया। भयावह मंजर देख उसने आसमान की ओर हाथ जोड़कर प्रार्थना शुरू कर दी। कुछ देर तक वह हाथ जोड़े खड़ा रहा और आग के जल्द शांत होने की कामना करता नजर आया। घटना ने राहगीरों को भी चिंतित किया।
स्कूल की छुट्टी के बाद रास्ता मिला बंद
घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने बारहद्वारी से नदरई गेट जाने वाले मार्ग पर रोशनलाल मिष्ठान विक्रेता की दुकान के पास आवागमन रोक दिया। दोपहर करीब 1:30 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छुट्टी के बाद छात्राएं इस रास्ते से निकलीं तो पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। रास्ता बंद मिलने पर छात्राओं को वापस लौटना पड़ा।