उन्नाव जिले में जमीन के विवाद में महिला दरोगा, उसकी बेटी व मां पर हुए हमले के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस शनिवार रात भर आरोपी की तलाश करती रही। आरोपी का नंबर सर्विलांस पर लगाने के साथ व्हाट्स एप मैसेज भी खंगाले गए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जुराखनखेड़ा निवासी महिला दरोगा प्रतिभा बाजपेई, उनकी मां विंध्यवासिनी व बेटी संस्कृति को पड़ोसी अनुभव शुक्ला ने शनिवार को चाकू से वार कर घायल कर दिया था। घटना के बाद आरोपी भाग गया था। दरोगा के मामा ज्ञान प्रकाश अवस्थी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घायलों का इलाज कानपुर हैलट में चल रहा है। कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।