हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली के छिरका गांव में घर में पड़े मिले महिला के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। वहीं दुष्कर्म की आशंका को लेकर सैंपल ले जांच को भेजा गया है। हालांकि शव मिलने पर पुलिस ने भी प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या की बात कही थी।
इसकी पोस्टमार्टम के बाद पुष्टि हो गई। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है। छिरका गांव में बुधवार रात गिंदीया (28) पत्नी कमलेश निषाद के घर में घुस एक अज्ञात युवक ने उसकी हत्या कर दी। गुरुवार सुबह किसी काम से घर गई पड़ोस की महिला ने शव देख इसकी सूचना परिजनों को दी।
मृतका घर में अपने दो बच्चों आकाश (6) व आनंद (4) के साथ रहती थी। पति राजकोट में मजदूरी करता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हो गई है।