कानपुर में पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण दो दिन और बूंदाबांदी और हल्की बारिश के आसार हैं। पुरवा और पछुवा की टकराहट ने अगर जोर पकड़ा, तो घने बादल बनेंगे और बारिश होगी। इसके साथ ही इसे ठंड की शुरुआत माना जा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य औसत 33.6 से तीन डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 20.6 डिग्री से एक डिग्री कम हो गया।
सीएसए के मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ से 24 से 48 घंटों में कानपुर के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड का अहसास बढ़ जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ से भारी बारिश तो नहीं होगी, लेकिन यह कानपुर परिक्षेत्र में सर्दियों की शुरुआत के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर देगा।