कानपुर के सचेंडी के किसान नगर में मंगलवार रात को डबल डेकर बस और टेंपो की टक्कर में हुई 17 लोगों की मौत से लालेपुर और ईश्वरीगंज गांव में मातम पसर गया। चारों तरफ चीत्कार मची रही। दरअसल, मरने वालों में 12 मजदूर लालेपुर और पांच ईश्वरीगंज के रहने वाले हैं। एक परिवार के तीन भाइयों तो दूसरे परिवार के दो भाइयों की मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक सभी लोग हर दिन एक साथ काम पर जाते थे और एक साथ लौटते थे। ड्यूटी का समय एक होने की वजह से सभी एक ही गाड़ी से आते-जाते थे। मंगलवार को सभी लोग करीब साढ़े सात बजे टेंपो से फैक्टरी के लिए रवाना हुए। कुछ ही देर बाद हादसा हो गया। हादसे में लालेपुर गांव निवासी तीन सगे भाइयों शिवभजन (22), राम मिलन (24) और लवलेश (20) की मौत हुई है। इसी गांव के त्रिभुवन यादव के बेटों धर्मराज यादव और गौरव ने भी अपनी जान गंवाई है।