कानपुर में बरसात में 1092 किलोमीटर सड़कों पर गड्ढे हो गए। यह खुलासा नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के सर्वे में हुआ। दोनों विभागों ने 17.48 करोड़ रुपये से इन सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए एस्टीमेट तैयार किया है। एक-दो दिन में टेंडर कराने और 15 सितंबर से पक्का पैचवर्क कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर आयुक्त ने दशहरा से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
अमर उजाला ने बरसात में टूटी सड़कों और इससे शहरवासियों को हो रहीं दिक्कतों को प्रमुखता से प्रकाशित किया। बरसात में जलभराव की वजह से अति व्यस्त जीटी रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग, हैलट रोड, मैनावती मार्ग, बिठूर रोड ही जर्जर नहीं हुई बल्कि शहर के घनी आबादी वाले मोहल्लों से लेकर नवविकसित क्षेत्रों तक की सड़कों में गड्ढे हो गए हैं। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी, एनएच पीडब्ल्यूडी ने बरसात के मौसम में कच्चा पैचवर्क कराया पर वह बारिश के पानी में ही उखड़ गया। सड़कों पर गिट्टी, बजरी फैलने से हालत और भी बदतर हो गई।