फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर में हत्या और लूट कांड: 30 मिनट में वारदात, सीमा तय करने में 60 मिनट लगे, सिर की हड्डियां तक हुई चकनाचूर

Sun, 09 Aug 2026 03:21 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, कानपुर

सार

कानपुर में लूट के बाद कत्ल का मामला सामने आया है। खेत से मकान में दो नकाबपोश बदमाश कूद गए। बदमाशों ने गृहस्वामी वैन चालक मुमताज की हत्या कर दी। इसके साथ पत्नी शाहजहां को भी पीटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
विज्ञापन
1 of 14
kanpur murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कानपुर के साढ़ के देवषढ़ गांव में शुक्रवार देर रात घर में घुसे दो नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट के बाद गृहस्वामी वैन चालक मुमताज (40) की कुल्हाड़ी से पीटकर हत्या कर दी। पत्नी शाहजहां को भी पीटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद घर से गहने व बाइक लूटकर भाग निकले। पुलिस ने महिला को हैलट में भर्ती कराया। पुलिस को घर में लगे दो सीसी कैमरे की दिशा आसमान की ओर मिली। बदमाश घर के अंदर लगे कैमरे तोड़कर डीवीआर साथ ले गए। डॉग स्क्वाड मुमताज के घर से करीब एक किमी दूर वीरेंद्र के घर पर पहुंचा। पुलिस ने उनकी बहू प्रियंका से भी काफी देर तक पूछताछ की। पुलिस को वारदात में संदिग्ध गांव के एक युवक की लोकेशन सुबह 11 बजे जालौन में मिली। पुलिस से हुई बातचीत के बाद से उसका मोबाइल बंद जा रहा है।
विज्ञापन

2 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
पुलिस ने बताया कि गांव निवासी मुमताज उर्फ कल्लू बीते दो वर्षों से गांव से करीब दो किमी दूर अपने खेत में बने घर में पत्नी शाहजहां और छह माह की बच्ची के साथ रह रहे थे। वह कानपुर स्थित एक बड़ी दूध डेयरी की वैन चलाते थे। पत्नी शाहजहां ने पुलिस को बताया शुक्रवार रात खाना खाकर सभी लोग सोने जा रहे थे। रात 12:45 बजे के करीब चहारदीवारी फांदकर दो नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए। पति के उठते ही दोनों उन पर टूट पड़े।

 
विज्ञापन

3 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
एक बदमाश ने कुल्हाड़ी के धार वाले हिस्से को पलट कर पति के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। दूसरे बदमाश ने उन्हें पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। महिला के मुताबिक पति को सामने पिटता देख चीखने की कोशिश की तो बदमाश ने मुंह दबाकर बच्ची का गला घोंटने की धमकी दी। बदमाश बार-बार भैंस बेचने से मिले रुपये और गहनों के बारे में पूछते रहे। ऐसे में पुलिस को किसी परिचित के वारदात को अंजाम देने की आशंका है। आखिर में बदमाशों ने घर में बक्से और अटैची में रखे गहने समेटे व पैशन बाइक की चाबी लेकर भाग निकले। जाने से पहले बदमाशों ने दंपती के दो मोबाइल भी तोड़ दिए इससे वह किसी को फोन नहीं कर सकीं।

4 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
शाहजहां बच्ची को लेकर घर से करीब 500 मीटर दूर रहने वाले मन्नी सिंह के घर पहुंचीं और उन्हें वारदात की जानकारी दी। इसके बाद 1:20 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी गई। पुलिस ने मुमताज को सीएचसी भेजा जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटनास्थल पर सबसे पहले बिधनू फिर करीब एक घंटे बाद साढ़ थाने की पुलिस पहुंची। इसके बाद जेसीपी विपिन ताडा, डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी और एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके भी मौके पर पहुंचे।

 
विज्ञापन

5 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
पुलिस को मौके पर खून से सना डंडा मिला है। दोनों टूटे मोबाइल भी जब्त किए हैं। चार माह की बच्ची सुरक्षित है। डीसीपी के अनुसार गहने और बाइक लूट की तहरीर दी है। उसी पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। वहीं, गहनों की कीमत के संबंध में पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के बाद काफी देर तक बिधनू और साढ़ पुलिस लिखापढ़ी को लेकर सीमा विवाद में उलझी रही। हालांकि, बाद में साढ़ थाना पुलिस ने क्षेत्र की जिम्मेदारी ली है।
विज्ञापन

6 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
लूट है कि झूठ... कैमरों के पहरे ने खड़े किए सवालों के पहाड़
कानपुर में वैन चालक मुमताज की हत्या लूट के लिए की गई या लूट दिखाने के के लिए गढ़े गए झूठ के लिए...। यह पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। करीब डेढ़ साल पहले मुमताज दो बार दुबई में रहकर गाड़ी चलाने का काम कर चुके थे। पैतृक घर में दो बच्चों की मौत पर घर को अपशगुन मानकर करीब डेढ़ साल पूर्व ही उन्होंने खेत पर घर बनवाकर रहना शुरू किया था। सवाल उठता है कि आखिर उन्हें किस पर और क्यों शक था कि जिस घर में एक लोहे की अलमारी तक न हो उस घर में तीन-तीन सीसी कैमरे लगाकर उन्हें अपने मोबाइल से कनेक्ट कर रखा था। 
 
विज्ञापन

7 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
मौके पर पहुंची मुमताज की छोटी बहन का भी कहना है कि घर पर भइया और भाभी ज्यादा रुपये-पैसे नहीं रखते थे। ऐसे में गहनों की लूट की तहरीर देना भी समझ से परे है। वारदात के वक्त मुमताज पर ताबड़तोड़ हमले और पत्नी शाहजहां को सिर्फ पीटा गया। बदमाशों का डीवीआर ले जाना और मोबाइल तोड़ने से भी पुलिस को आशंका है कि बदमाश मुमताज के जानने वाले ही थे। उनका इरादा सिर्फ मुमताज की ही हत्या करना था। 
 

8 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
पत्नी शाहजहां बता रही है कि बदमाश भैंस बेचने के रुपये के विषय में पूछ रहे थे जबकि गांव के सुशील का कहना है कि मुमताज नवंबर में तीसरी बार दुबई जाने वाला था। उसने अपनी दोनों भैंस उसे बांधने के लिए दे रखी थीं। अभी कोई लेनदेन नहीं हुआ था। मुमताज ने बुधवार को पासपोर्ट बनवाने के लिए जाते वक्त रुपयों की आवश्यकता पड़ने पर लेने की बात कही थी। दूसरी ओर सर्विलांस के सूत्रों के अनुसार वारदात के वक्त आसपास के एक्टिव मोबाइल की सीडीआर चेक की जा रही है। साथ ही पति-पत्नी के टूटे मोबाइल से भी सीडीआर व कैमरों का डाटा रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। यदि डाटा मिल गया तो दरवाजे पर लगे कैमरे आसमान की ओर करने वाले व भीतर का कैमरा तोड़ने वालों के चेहरे भी उजागर हो सकते हैं।

9 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
पारिवारिक विवाद में मिली थी धमकी, झांसी से पकड़ा गया युवक
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व रिश्ते में मुमताज के चाचा लगने वाले रहीस का विवाद मोहल्ले के उसी युवक से हुआ था जो कि शनिवार की सुबह से गांव से लापता है। उसकी आखिरी लोकेशन जालौन के आसपास मिली है। इस विवाद में मुमताज भी चाचा की ओर से सामने आ गया था। चर्चा है कि तीन दिन पूर्व लापता युवक ने मुमताज को बीच रास्ते रोककर देख लेने की धमकी दी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार को सात लोगों को उठाया गया। इसमें एक युवक वह भी वह भी है जिसने जालौन की ओर भागने वाले युवक को कपड़े बदलते देखा था। वहीं, गांव से गायब युवक को पुलिस ने देर शाम झांसी से पकड़ लिया है। सुबह डाॅग स्क्वाड भी वीरेंद्र सिंह और रविशंकर के घर के बाहर घूमने के बाद गायब युवक के घर के पास भी रुका था।
 

10 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
30 मिनट में वारदात, 60 मिनट लगे सीमा तय करने में
बदमाशों को वारदात अंजाम देने में भले ही 30 मिनट का समय लगा लेकिन पुलिस को थाने की सीमा तय करने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। मुमताज का घर पगडंडी के जिस ओर है वह सीमा सात किमी दूर स्थित साढ़ थाने की लगती है जबकि पगडंडी की दूसरी पट्टी तीन किलोमीटर दूर बिधनू थाने में आती है। सूचना पर सबसे पहले पहुंची भी बिधनू पुलिस ही थी। 

 

11 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
बाद में साढ़ पुलिस पहुंची। मामले की लिखापढ़ी करने के लिए दोनों थानों की पुलिस के बीच काफी देर तक सीमा विवाद होता रहा। जब एक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तब जाकर साढ़ थाना पुलिस ने लिखापढ़ी शुरू की। इस दौरान करीब 60 मिनट का समय लग गया। डीसीपी साउथ ने सीमा विवाद मामले की भी जांच कराने की बात कही है। डीसीपी के मुताबिक यदि ऐसा हुआ है तो पुलिस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

12 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर की हड्डियां चकनाचूर
मुमताज की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर की हडिड्यां चकनाचूर मिली हैं। अत्यधिक रक्तस्राव से कोमा में जाने से मौत की पुष्टि हुई। डॉक्टर के अनुसार सिर पर करीब सात से आठ चोटों के निशान मिले हैं।


 

13 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
मुमताज के परिवार में हैं यह लोग
मुमताज के परिवार में मां आबिदा, बहन नसीमा, बड़े भाई कुंवरअली उनकी पत्नी रहीसा, बेटा जफर, समर, बेटी शबनम हैं। वहीं, मंझले भाई शफी अहमद पंजाब में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी शब्बो, बेटा दिद्दा, भूरा और बेटी छोटी हैं। पिता नबी अहमद का कई साल पहले इंतकाल हो चुका है। तीनों देवषढ़ गांव में अलग-अलग स्थान पर रहते हैं।

 
विज्ञापन

14 of 14
दंपती पर हमले का मामला - फोटो : amar ujala
मुमताज की सऊदी जाने की थी तैयारी
कुंवरअली ने बताया कि सऊदी से लौटने के बाद मुमताज ने अपने घर के पास ही बकरी पालन का काम शुरू किया था। उसके पास भैंस और गाय भी थीं लेकिन किन्हीं कारणों के चलते व्यापार में नुकसान हो गया। इसके चलते वह फिर से सऊदी जाने की तैयारी कर रहा था लेकिन इससे पहले उसकी हत्या कर दी गई।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें