फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘उम्मीदें 2025’: बढ़ेंगी सुविधाएं…जिंदगी पकड़ेगी रफ्तार, जनवरी में सेंट्रल तक चलने लगेगी मेट्रो, ये रहेगा खास

Tue, 31 Dec 2024 12:46 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: नए साल में शहर विकास के पथ पर सरपट दौड़ता नजर आएगा। मोतीझील तक चलने वाली मेट्रो अब सेंट्रल स्टेशन तक दौड़ने लगेगी। सेंट्रल स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी। गोविंदपुरी स्टेशन से सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन होगा। दादानगर समानांतर पुल के शुरू होने से दक्षिण क्षेत्र वासियों को काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही इस क्षेत्र को 100 बेड के अस्पताल का भी तोहफा मिलेगा। इसके अलावा दादानगर में फ्लैटेड फैक्टरी बनने से उद्यमियों को काफी फायदा होगा।
विज्ञापन
1 of 10
हैलट हॉस्पिट कानपुर - फोटो : amar ujala
हैलट में अप्रैल से चालू हो जाएगा बर्न वार्ड
हैलट का बर्न वार्ड अप्रैल से चालू हो जाएगा। बर्न वार्ड का भवन तैयार हो गया है। इसमें पुरुष और महिला बर्न रोगी के लिए अलग-अलग वार्ड रहेंगे। इसके साथ ही बर्न आईसीयू की भी व्यवस्था रहेगी। रोगियों की प्लास्टिक सर्जरी भी इसी भवन में हो जाएगी। यहां पर एक आपरेशन थिएटर की भी व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही स्किन बैंक भी बर्न वार्ड में प्रस्तावित है। हैलट में आने वाले बर्न रोगियों को उर्सला या दूसरे अस्पताल रेफर नहीं करना पड़ेगा।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 10
हैलट का वार्ड-50 - फोटो : amar ujala
कॉरपोरेट हॉस्पिटल की तरह होगा वार्ड 50
नए साल में हैलट का वार्ड 50 चालू हो जाएगा। इसे प्राइवेट, पब्लिक पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर चलाया जाएगा। यह कॉरपोरेट हॉस्पिटल की तरह होगा। इसका हर कमरा होटल की सुइट की तरह होगा। वार्ड फिफ्टी में भर्ती होने वाले रोगियों को जांचों, डॉक्टरों की विजिट और दूसरी सुविधाओं के लिए भुगतान करना होगा। यह उन रोगियों के लिए अधिक मुफीद होगा जो सरकारी अस्पताल के विशेषज्ञों से इलाज कराना चाहते हैं लेकिन सामान्य वार्ड में नहीं रहना चाहते। वार्ड 50 में रोगी के साथ आने वाले तीमारदारों के लिए भी व्यवस्था रहेगी।
विज्ञापन

3 of 10
kanpur metro - फोटो : amar ujala
जनवरी में ही चलने लगेगी सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो
11500 करोड़ की मेट्रो परियोजना के तहत उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) कॉरिडोर-1 में आईआईटी से मोतीझील तक तीन साल से मेट्रो का संचालन कर रहा है। करीब 24 किलोमीटर लंबे इसी कॉरिडोर में कानपुर सेंट्रल तक सड़क से 18 मीटर गहराई में नवनिर्मित भूमिगत ट्रैक में मेट्रो संचालित करने के लिए प्री ट्रायल भी पिछले हफ्ते सफलतापूर्वक हो चुका है। इसी कॉरिडोर के शेष हिस्से में नौबस्ता तक दिन-रात निर्माण कार्य चल रहा है। मेट्रो के डिप्टी जीएम (पीआर) पंचानन मिश्रा के अनुसार जनवरी के अंत तक सेंट्रल स्टेशन और आगामी जुलाई में नौबस्ता तक यात्रियों को मेट्रो की सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिशें की जा रही हैं। आठ किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 के तहत सीएसए से बर्रा-8 तक भी मेट्रो निर्माण चल रहा है।

4 of 10
नया पुल - फोटो : अमर उजाला
जून तक शुरू हो जाएगा दादानगर समानांतर पुल
नए साल में शहर से दक्षिणी क्षेत्र में आवागमन आसान हो जाएगा। इसके लिए सेतु निगम दादानगर पुल के समानांतर पुल का निर्माण करा रहा है। निर्माण 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शेष निर्माण भी पूरा करने की डेडलाइन जून 2025 है। ऐसा होते ही दो लेन के दादानगर पुल से लोग सीटीआई की तरफ से विजयनगर की तरफ आएंगे और इतने ही चौड़े बन रहे समानांतर पुल से विजयनगर से सीटीआई और वहां से आसपास के मोहल्लों में जा सकेंगे। रोज करीब एक लाख से ज्यादा लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
विज्ञापन

5 of 10
कॉरिडोर का मुख्य द्वार - फोटो : amar ujala
एक जनवरी को सिद्धनाथ कॉरिडोर का होगा उद्घाटन
अब जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ बाबा के दरबार में कंकड़ीले और गंदे मार्ग से नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए नगर निगम ने करीब चार करोड़ रुपये खर्च कर सिद्धनाथ कॉरिडोर का निर्माण कराया है। एक जनवरी को इसका उद्घाटन होगा। कॉरिडोर में जाजमऊ चौराहे पर भव्य द्वार, वहां से मंदिर के पास तक चार लेन की सड़क, रंग-बिरंगी इंटरलॉकिंग टाइल्स से फुटपाथ निर्माण, अतिक्रमण हटाकर तिकुनिया पार्क के निर्माण के साथ ही आकर्षक लाइटें लगवाई गई हैं।
विज्ञापन

6 of 10
कन्वेंशन सेंटर का डिजाइन - फोटो : amar ujala
मार्च में कन्वेंशन सेंटर की मिलेगी सौगात
केएससीएल की तरफ से चुन्नीगंज में शहर के पहले कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। 96.10 करोड़ रुपये से कमल के फूल की आकृति के बन रहे इस सेंटर का सिविल निर्माण कार्य लगभग पूूरा हो गया है। फिनिशिंग का काम चल रहा है। केएससीएल के नोडल अधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि ठेकेदार कंपनी को मार्च 2025 तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। शहर के सबसे बड़े व्यापारिक, कला व सांस्कृतिक केंद्र में 16 हजार वर्ग फुट का प्रदर्शनी हाॅल, 16 हजार वर्ग फुट का दूसरा प्रदर्शनी हाॅल, 300 लोगों के बैठने की क्षमता वाला सम्मेलन कक्ष, 100-100 लोगों की क्षमता के तीन बैठक कक्ष, छह अतिथि कमरे, दो सुइट, 8000 वर्ग फीट का फूड कोर्ट, 68 वाहनों की कवर्ड पार्किंग, आठ दुकानें, व्यापार केंद्र, रेस्टोरेंट आदि सुविधाएं मिलेंगी।
विज्ञापन

7 of 10
मल्टीलेवल पार्किंग
जून में शुरू हो जाएगी कलक्ट्रेट की मल्टीलेवल पार्किंग
शहरवासियों को नए साल में सबसे बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग की सौगात मिलेगी। केएससीएल जल निगम की निर्माण इकाई सी एंड डीएस से कलक्ट्रेट परिसर में करीब साढ़े 46 करोड़ रुपये से पार्किंग का निर्माण करा रहा है। निर्माण पूरा करने की डेडलाइन जून 2025 है। इसमें डबल बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर चार मंजिलें बन रही हैं। ठेकेदार कंपनी करीब 40 प्रतिशत निर्माण कर चुकी है। मल्टीलेवल पार्किंग में 400 चार पहिया और 175 दोपहिया वाहन खड़े हो सकेंगे। इसके शुरू होने से वीआईपी रोड, कलक्ट्रेट, सदर तहसील, कचहरी परिसर के आसपास के वाहन इसी पार्किंग में खड़े हो सकेंगे। फिलहाल ये वाहन वीआईपी रोड, चेतना चौराहे से सरसैया घाट चौराहा, वीआईपी रोड, चेतना चौराहा से पुलिस कमिश्नर कार्यालय रोड, तिकुनिया पार्क के आसपास खड़े होते हैं, जिनकी वजह से न सिर्फ रजिस्ट्री कार्यालय मार्ग लगभग बंद हो जाता है, बल्कि अन्य मार्गों में भी यातायात दिनभर प्रभावित रहता है।

8 of 10
स्टेशन पर ट्रेन में सवार होते यात्री - फोटो : amar ujala
अप्रैल से गोविंदपुरी से चलने लगेंगी कई सुपरफास्ट ट्रेनें
नए साल में गोविंदपुरी स्टेशन से कई सुपरफास्ट और लंबी दूरी की ट्रेनें चल सकती हैं। यहां के प्लेटफार्म नंबर एक का ट्रैक सीमेंटेड (बोल्डर रहित) हो गया है, जबकि पानी की लाइन बिछ गई है। यहां के दिल्ली छोर की ओर नया फुट ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। यहां पर नई बिल्डिंग निर्माण, मुख्य भवन, पार्किंग, सड़क के साथ ही अन्य कार्य चल रहे हैं। अप्रैल से सुपरफास्ट ट्रेनें चलने लगेंगी। उत्तर मध्य रेलवे के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि पहले चरण में गोविंदपुरी, पनकी धाम का कार्य ठीक चल रहा है। नए साल में स्टेशन बिल्कुल नए तरीके से नजर आएंगे।

9 of 10
100 बेड अस्पताल - फोटो : अमर उजाला
मार्च में दक्षिण क्षेत्र को मिलेगी 100 बेड अस्पताल की सौगात
44 करोड़ की लागत से दक्षिण क्षेत्र केशवपुरम में बन रहे 100 बेड अस्पताल की सौगात 2025 में मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मार्च 2025 तक इसे शुरू करने का समय दिया गया है। तीसरी किस्त के देर में आने से अस्पताल का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा था, अब कार्यदायी संस्था को तीसरी किस्त मिल गई है। सीएमओ डॉ. हरीदत्त नेमी ने बताया कि 100 बेड के अस्पताल का कार्य कुछ बाकी है। अगले वर्ष भवन हमें मिल जाएगा। मार्च 2025 से अस्पताल शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन

10 of 10
फ्लैटेड फैक्टरी - फोटो : अमर उजाला
शहर की पहली फ्लैटेड फैक्टरी मार्च में बनकर होगी तैयार
शहर के दादानगर में बन रही पहली फ्लैटेड फैक्टरी 31 मार्च 2025 में पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगी। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही यहां पर इकाइयां काम करने लगेंगी। 70 इकाइयों के आवंटन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। इसमें होजरी होजरी, टेक्सटाइल, रेडीमेड की 144 इकाइयां लगनी हैं। यह प्रदेश की पहली फ्लैटेड फैक्टरी है। यूपीएसआईसी के अधीक्षण अभियंता प्रभात कुमार बाजपेई ने बताया कि भूतल के अलावा चार मंजिल की इमारत बनाई जा चुकी है। पूरे निर्माण कार्य की तय तिथि 31 मार्च 2025 है। बता दें कि फ्लैटेड फैक्टरी में सभी आधारभूत सुविधाओं के अलावा बिना प्रदूषण वाली इकाई स्थापित होती हैं। अभी तक पहले उद्यमियों को प्लाट दिया जाता था। इसके बाद वो अपने उद्योग के अनुरूप सेटअप तैयार करते थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें