होली का त्योहार मनाने के बाद रविवार को वापसी करने वालों का दौर शुरू हुआ। इससे सेंट्रल स्टेशन व गोविंदपुरी पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिल्ली-हावड़ा, मुंबई, फर्रुखाबाद, बांदा व झांसी रूट के यात्री सर्वाधिक रहे। श्रमशक्ति एक्सप्रेस में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। लोगों ने गलियारे, बाथरूम व दरवाजों के पास खड़े होकर सफर किया।
इस बार होलिका दहन गुरुवार को और होली का त्योहार शुक्रवार को था। इस वजह से चार दिन की छुट्टी रही। बाहर रहकर नौकरी करने वालों के लिए एक अच्छा मौका था। त्योहार समाप्त होने के बाद सोमवार से निजी व सरकारी कार्यालय खुलने हैं। इस वजह से रविवार को लौटने वालों की भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली, मुंबई जाने वालों और बिहार, झारखंड से आने वालों की रही। इस कारण लंबी दूरी की ट्रेनें फुल रही। सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 से लेकर छह तक पर ट्रेनों का इंतजार करते लोग देख गए। टिकट व पूछताछ काउंटरों पर भी लोगों की भीड़ रही। यहीं हाल गोविंदपुरी स्टेशन पर भी रहा।