कानपुर में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के वार्षिकोत्सव तरंग के पहले दिन मेडिकल प्रदर्शनी आरोग्य 19 स्कूली बच्चों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी में 22 विभागों ने अपने 47 स्टाल लगाए जिनमें विभिन्न रोगों और चिकित्सीय तकनीकों के बारे में बताया गया। 28 स्कूलों के 2800 छात्र-छात्राओं ने अपने हेल्थ चेक अप कराया।
मुख्य अतिथि सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने मेडिकल प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जीएसवीएम के स्वायत्त संस्थान बनने पर और अच्छी गुणवत्ता की चिकित्सीय सुविधा लोगों को मिलेगी।
मेडिकल प्रदर्शनी के अलावा मुख्य अतिथि सांसद भोले ने रक्तदान शिविर का भी फीता काटकर शुभारंभ कराया। हैलट के ब्लड बैंक के बैनर तले लगे शिविर में 60 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में रक्तदान के फायदे लोगों को बताए गए।
प्रदर्शनी में अस्थि रोग विभाग के स्टाल पर घुटना प्रत्यारोपण और स्पोर्टस इंजरी, सर्जरी विभाग के स्टाल पर मोटापा, थायरॉयड कार्सिनोमा, कार्डियोलोजी में ओपन हार्ट सर्जरी, हार्ट-लंग मशीन, स्टेंट आदि के बारे में बताया गया। बच्चों को म्यूजिक थेरेपी भी अच्छी लगी। मेडिसिन विभाग के स्टाल में डेंगू पर नुक्कड़ नाटक किया गया। इसके साथ ही मलेरिया आदि रोगों के बचाव के संबंध में बताया गया।
प्रदर्शनी में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले विभागों के संबंध में गठित निर्णायक मंडल में डॉ. मीरा अग्निहोत्री, डॉ. देवेंद्र लालचंदानी, डॉ. वीएन त्रिपाठी और डॉ. राके श चंद्रा रहे। परिणाम बाद में घोषित होगा। इसके अलावा एलटी-3 और 4 में अंतर विद्यालीय क्विज और स्केचिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अनेस्थेसिया विभाग में हादसे के वक्त इमरजेंसी मैनेजमेंट के तरीके बताए गए। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. आरती लालचंदानी, डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. जेएस कुशवाहा, डॉ. अमिता तिलक, डॉ. लुबना खान, डॉ. गणेश शंकर, डॉ. यशवंत राव, डॉ. सक्षम पांडेय, प्रदीप मधेसिया आदि मौजूद थे।