आईआईटी कानपुर के कल्चरल फेस्टिवल ‘अंतराग्नि’ 2018 में गायक अमित त्रिवेदी के गाने सुनकर युवा झूम उठे। अमित ने एक से बढ़कर एक गानों से सभी का दिल जीत लिया। गल मिठ्ठी, मिठ्ठी बोल... नैना दा क्या कसूर..., ये जो हल्का, हल्का सुरूर है... जैसे कई गाने गाकर लोगों को खूब झुमाया। इसके पहले मिस्टर एंड मिस अंतराग्नि का ग्रैंड फिनाले हुआ। इसमें मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) गोरखपुर के कृष्णा पांडेय और श्रेया सिंह को मिस्टर एंड मिस अंतराग्नि 2018 चुना गया। इसके अलावा अलग-अलग 55 इवेंटस का भी फाइनल राउंड हुआ और सभी के विजेताओं में करीब 9.35 लाख रुपये का इनाम बांटा गया।
डांस प्रतियोगिता में देश के कोने-कोने से आए प्रतिभागियों ने अपना जलवा बिखेरा। इसके तहत हुए रुट्स प्रतियोगिता में श्री वेंकटेश्वर कॉलेज प्रथम, मिरांडा हाउस द्वितीय और महारानी कॉलेज की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। नृत्यांगना में श्रीलक्ष्मी नांबूथिरी प्रथम, अना आफरीन द्वितीय और आद्या कालिया तृतीय रही। इस्टांवी में एबीसी लॉक प्रथम, दीपक ईब्वॉय द्वितीय और दिग्विजय तृतीय स्थान पर रहे। 'टूर द फोर्स' में सत्यवती प्रथम, अरशद द्वितीय और शहीद भगत सिंह कॉलेज की टीम तृतीय रही। जिटरबर्ग में वेंकटेश्वर कॉलेज प्रथम, शहीद भगत सिंह कॉलेज द्वितीय और लेडी श्रीराम कॉलेज तृतीय स्थान पर रही। कविता प्रतियोगिता में निहारिका (जागरण कॉलेज) प्रथम, अनुरीच वाटा (एलएसआर) द्वितीय रही। आईएमएस लखनऊ के छात्र मो. हमजा और केशव महाविद्यालय की छात्रा सिद्धी सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
कवि सुनील जोगी और शंभू शिखर ने बांधा समा
डेमो पिक
दिन में कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। पद्मश्री सुनील जोगी, शंभू शिखर, पद्मिनी शर्मा और रूपेश सक्सेना ने काव्य पाठ किया। शंभू शिखर ने कहा कि बीटेक में जब पहले साल लड़की आती है तो वह कमसिन होती है, फिर गुलबदन होती है और चार साल में बुढ़िया हो जाती है... पर जमकर ठहाके लगे।
आगे कहा, जब तक खाते में 15-15 लाख नहीं आते, तब तक मोदी को जिताते रहेंगे, शायद कभी आ जावें..., सुनील जोगी ने कहा कि मेरी चाहत की लाइन पर ये सेटिंग कौन करता है, मेरे गालों पर छिप-छिप कर वेटिंग कौन करता है, तुम फोन का रिचार्ज मुझसे कराती हो, इतनी देर तक चैटिंग कौन करता है... सुनाया। पद्मिनी शर्मा ने बीते दिनों की याद में आए दादा, वाह फिर जोश में आए दादा, जब से जलोटा के साथ देखा दादा, एक बार हमसफर खरीद लाए दादा... सुनाया। संचालन रूपेश सक्सेना ने किया।
ये भी रहे विजेता
वर्ल्ड्स गेम्स प्रतियोगिता में सेंट स्टीफेंस कॉलेज प्रथम, इंद्रप्रस्थ कॉलेज ऑफ वूमेंस द्वितीय और केएनआईटी सुल्तानपुर तृतीय रहे। मॉडर्न आर्ट में अर्पित मुदगल प्रथम, उपशांत सैनी द्वितीय और यशना सिंह तृतीय रहे। बैटल ऑफ आर्ट में अविनाश किशोर प्रथम, मोहित यादव द्वितीय और अमित गुप्ता व अरूप वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। स्ट्रीट प्ले में शिवाजी प्रथम, वेंकी व अरशद द्वितीय और हंसराज तृतीय रहे।