फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: गुजरात तक फैला था नेटवर्क, एक दिन में की थीं तीन लूट; मुठभेड़ में ढेर सुमित और अंकित के आतंक की कहानी

Sun, 19 Jul 2026 12:00 PM IST
Arun Parashar संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद

सार

यूपी के फिरोजाबाद जिले में मुठभेड़ में ढेर दोनों बदमाश पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। सुमित का आपराधिक नेटवर्क उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि गुजरात तक फैला था। दोनों ही बदमाशों ने पिछले लंबे समय से इटावा और आसपास के जिलों की पुलिस की नाक में दम कर रखा था।
विज्ञापन
1 of 12
firozabad encounter - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
यूपी के फिरोजाबाद जिले में एसओजी और शिकोहाबाद पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में ढेर हुआ 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश सुमित उर्फ सोनू बेहद शातिर और दुस्साहसिक अपराधी था। सुमित का आपराधिक नेटवर्क उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि गुजरात तक फैला था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के करीब 30 मुकदमे दर्ज थे। वहीं, मुठभेड़ में मारा गया उसका दूसरा साथी अंकित भी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था, जिस पर इटावा के चौबिया थाने से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मारे गए सुमित पर फिरोजाबाद और इटावा जनपद से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसका खौफ इस कदर था कि उसने पूर्व में एक ग्राम प्रधान की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। दूसरी तरफ, उसका साथी अंकित भी कम शातिर नहीं था। अंकित ने वर्ष 2025 में इटावा के बसरेहार थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया था और उसका ऑटो लूटकर फरार हो गया था। इन दोनों ही बदमाशों ने पिछले लंबे समय से इटावा और आसपास के जिलों की पुलिस की नाक में दम कर रखा था।

 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 12
माैके पर मोर्चा संभाले पुलिस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने सुमित के अपराध करने के अनोखे और शातिर पैटर्न का खुलासा किया है। सुमित किसी भी बड़ी वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले एक मोटरसाइकिल लूटता था, ताकि पुलिस को चकमा दे सके। करीब 3 माह पूर्व उसने मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र में एक लूट की वारदात को अंजाम दिया और वहां से बाइक लूटी। दन्नाहार से लूटी गई बाइक लेकर वह शिकोहाबाद पहुंचा। यहां पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने एक और बाइक लूटी। इसके बाद मैनपुरी चौराहे से आवास-विकास कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर आगरा से बस से उतरे एक दंपती को निशाना बनाया और महिला के गले से सोने की चेन झपटकर लूटा था। इसके तुरंत बाद वह वापस मैनपुरी भागा और वहां भी उसी दिन एक और लूट की वारदात को अंजाम दे डाला।

 
विज्ञापन

3 of 12
मुठभेड़ के दाैरान जुटी भीड़। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एसओजी सिपाही डेविड का सफल ऑपरेशन, पेट से निकाली गई बदमाशों की गोली
सिपाही डेविड चौहान का आगरा के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में सफल ऑपरेशन किया गया है। डॉक्टरों की टीम ने जटिल ऑपरेशन के बाद सिपाही के पेट में धंसी बदमाशों की गोली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल डेविड को आईसीयू में रखा गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, सिपाही पुष्पेंद्र चौधरी भी इस गोलीबारी में घायल हुए थे। बदमाशों की एक गोली उनके कंधे को चीरती हुई निकल गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुष्पेंद्र का भी उपचार अस्पताल में चल रहा है और अब उनकी हालत में काफी सुधार है। डॉक्टरों ने पुष्पेंद्र को पूरी तरह खतरे से बाहर बताया है। पुलिस और प्रशासनिक महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों ने आगरा के पुष्पांजलि हॉस्पिटल पहुंचकर डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

 

4 of 12
दहशत में आए लोग। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए ढेर बदमाशों के शव
मुठभेड़ के दौरान मारे गए बदमाशों सुमित उर्फ सोनू और अंकित के शवों का शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम पैनल के माध्यम से कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया। शनिवार तड़के परिजन शवों को अपने गृह जनपद इटावा के लिए लेकर रवाना हो गए। इधर, रात भर मोर्चरी पर गहमा-गहमी का माहौल बना रहा। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, इंस्पेक्टर रवि त्यागी और संजीव दुबे पूरी रात यहां मौजूद रहे। परिजन को पूरे घटनाक्रम से भी अवगत कराया।

 
विज्ञापन

5 of 12
फिरोजाबाद मुठभेड़। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सभी मुकदमों में दाखिल होगी फौती रिपोर्ट, बंद होंगे कानूनी केस
बदमाश सुमित उर्फ सोनू और अंकित के खिलाफ विभिन्न जनपदों के थानों और न्यायालयों में चल रहे मुकदमों का अब कानूनी रूप से अंत होगा। पुलिस द्वारा दोनों मृत अपराधियों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर फौती रिपोर्ट (मृत्यु आख्या) दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही विवेचना स्तर या अदालतों में लंबित सभी मामले स्थाई रूप से बंद कर दिए जाएंगे।

 
विज्ञापन

6 of 12
मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस ने दो किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी के डीवीआर किए जब्त
मुठभेड़ के दौरान दोनों गांव के बीच दो किलोमीटर के दायरे में घरों एवं शिक्षा संस्थानों तथा अन्य प्रतिष्ठानों पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित करने के लिए सभी डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है। जिनके पुलिस सिलसिलेवार फुटेज की जांच कर रही है।

 
विज्ञापन

7 of 12
शिकोहाबाद मुठभेड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गांव में बदमाशों और एसओजी टीम के बीच रेलवे आउटर से लेकर स्वामी नगर, नगला कनही मार्ग, नीमखेरिया, रेलवे अंडरपास के बीच लगभग दो किलोमीटर तक जमकर फायरिंग हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि इस दौरान इस रूट के बीच में लगे हुए श्रीराम रिसॉर्ट, सेंट रामास एकेडमी स्कूल समेत अन्य कई स्थानों पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस अब सभी डीवीआर के फुटेजों की जांच कर साक्ष्य एकत्रित कर रही है। 

 

8 of 12
इसी स्कूल परिसर में घुसे थे बदमाश। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
थाने में दर्ज हुईं तीन प्राथमिकियां
शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से लेकर नीमखेड़िया गांव तक करीब तीन किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई लाइव मुठभेड़ में ढेर हुए 25-25 हजार के इनामी बदमाशों सुमित उर्फ सोनू और अंकित उर्फ सीपू के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस गया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर थाना शिकोहाबाद में अलग-अलग मामलों के तहत तीन प्राथमिकी दर्ज कराई गई हैं। इसमें पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, भागते समय राजमिस्त्री से तमंचे के बल पर मोटरसाइकिल लूटने और प्राथमिक विद्यालय में घुसकर मासूम बच्चों को गन-पॉइंट पर बंधक बनाने की गंभीर धाराएं शामिल हैं।

 

9 of 12
खेत में घेराबंदी किए पुलिसकर्मी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दमाशों ने की फायरिंग
इटावा सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह द्वारा दर्ज कराई गई मुख्य प्राथमिकी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को इटावा के थाना इकदिल क्षेत्र में एक डॉक्टर से सोने की चेन लूटी गई थी। वारदात में शामिल रहे पहले आरोपी शिवम ने पूछताछ में राज खोला था कि लूटी गई चेन उसके साथी अंकित के पास है। शुक्रवार को पुख्ता इनपुट मिला कि अंकित अपने साथी सुमित यादव उर्फ सोनू के साथ संभलपुर एक्सप्रेस से झारखंड भाग रहा है। सूचना पर सुबह करीब 10:35 बजे पुलिस टीमों ने शिकोहाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर घेराबंदी की। ट्रेन रुकते ही जब पुलिस ने तलाश शुरू की, तो अंकित और सुमित प्लेटफॉर्म की दूसरी दिशा में कूदकर भागने लगे। पुलिस ने आत्मसमर्पण का मौका दिया, लेकिन बदमाशों ने धोखा देते हुए जान से मारने की नियत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस जानलेवा हमले में कांस्टेबल डेविड को पेट व पैर में और सिपाही पुष्पेंद्र के कंधे को चीरती हुई गोली लगी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश ढेर हो गए। हालांकि, मुठभेड़ के बाद अंकित के पास से डॉक्टर की लूटी गई सोने की चेन बरामद नहीं हो सकी।

 

10 of 12
मुठभेड़ में ढेर बदमाश। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
स्वामीनगर में राजमिस्त्री से गन-पॉइंट पर बाइक लूट
बदमाशों ने स्टेशन से भागने के बाद स्वामीनगर क्षेत्र में प्लॉट की बाउंड्रीवॉल बना रहे राजमिस्त्री गोरेलाल को निशाना बनाया। गोरेलाल की पेशन प्रो मोटरसाइकिल प्लॉट के सामने खड़ी थी। बदमाशों ने मास्टर चाबी से उसका लॉक तोड़ दिया और उसे ले जाने लगे। गोरेलाल ने जब चोर-चोर चिल्लाकर शोर मचाया, तो बदमाशों ने सीधे उस पर फायर झोंक दिया, जिसमें वह बाल-बाल बचा। बदमाश बाइक लूटकर फरार हो गए।

 

11 of 12
माैके पर जांच करते अफसर। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नीम खेड़िया स्कूल में मासूमों को बनाया बंधक
बाइक पंक्चर होने के बाद अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे दोनों अपराधी प्राथमिक विद्यालय नीम खेड़िया के क्लासरूम में घुस गए। उस समय सहायक अध्यापक सत्यपाल सिंह बच्चों को पढ़ा रहे थे। बदमाशों ने तमंचा लहराते हुए शिक्षक और बच्चों को चिल्लाने पर गोली मारने की धमकी दी और बंधक बना लिया। हथियार देखकर मासूम बच्चे सहम गए और रोने लगे। हालांकि, पुलिस टीम को आता देख बदमाश घबरा गए और बच्चों को छोड़कर स्कूल की दीवार फांदकर खेतों की तरफ भागे, जहां वे मुठभेड़ में ढेर हुए।

 
विज्ञापन

12 of 12
फिरोजाबाद मुठभेड़। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस ने दागीं पांच गोलियां
बदमाशों के दुस्साहस का जवाब देने के लिए पुलिस टीम ने दोनों एनकाउंटर स्थलों पर कुल पांच राउंड फायर किए। इसमें सुमित को 3 गोलियां (दो सीने में, एक चेहरे पर) और अंकित को 2 गोलियां (एक सीने में, एक सिर में) लगीं। निरीक्षक अतुल कुमार (सर्विलांस प्रभारी) ने अत्याधुनिक ग्लोक 9 एमएम पिस्टल से 2 फायर किए। हेड कांस्टेबल सुधीर ने प्रथम स्थल (नीम खेड़िया ज्वार खेत) पर अपनी सरकारी पिस्टल से एक फायर किया। एसआई बेचन सिंह ने घेराबंदी के दौरान अपनी सरकारी पिस्टल से एक फायर किया। एसओ कमल भाटी (थाना जसवंत नगर) ने द्वितीय स्थल (मक्के के खेत) पर मोर्चा संभालते हुए एक फायर किया।


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें