मुलायम परिवार की बेटी की शादी के कार्यक्रम में रविवार को सैफई में पूरा परिवार एक साथ नजर आया। विवाह की खुशी के बीच हर किसी की निगाह परिवार में आपसी संबंधों पर टिकी हुई थी। दोपहर लगभग एक बजे मुलायम सिंह यादव की नातिन दीपाली ने जयमाल फीरोजाबाद निवासी प्रो.अश्वनी यादव को पहनाया। वर-वधू द्वारा एक दूसरे को जयमाल पहनाने के बाद सबसे पहले आशीर्वाद देने के लिए सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव आगे आए। पिता के साथ बेटे अखिलेश पत्नी डिंपल, चाचा शिवपाल (प्रसपा अध्यक्ष) और बिहार से आए लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी (राजद नेता) के साथ मंच पर पहुंचे। उसके बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव परिवार के साथ खड़े हुए और सभी ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। दीपाली सैफई के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय रणवीर सिंह यादव की बेटी और पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की बहन हैं। बरात के आने से पहले सभी अतिथि पंडाल में पहुंच गए थे।