यूपी के एटा जिले में लगातार हो रही बारिश से अब तबाही की तस्वीरें सामने आ रहीं हैं। बारिश के चलते दो मकान धराशायी हो गए। वहीं क्षेत्र में 16 घंटे से बिजली आपूर्ति भी ठप है। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एटा के विकासखंड अलीगंज क्षेत्र में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते पुराने और जर्जर मकान धराशायी होने लगे हैं। ग्राम बिल्सड़ में देर रात बारिश के कारण दो पुराने जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गए। मकान गिरने से घरों में रखा हजारों रुपये का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों मकानों के अंदर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगातार बारिश के चलते जमीन में नमी बढ़ गई है। इसी बीच लंबे समय से जर्जर हालत में खड़े मकानों पर भी बारिश का असर दिखाई देने लगा है। देर रात राजेश दीक्षित और राकेश दीक्षित पुत्र राजकुमार का पुराना जर्जर मकान अचानक धराशायी हो गया। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मकान के मलबे में घर का सामान दब गया, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
विज्ञापन
2 of 6
बारिश में धराशायी हुए मकान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे सामान को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान गांव में राम शंकर पांडेय पुत्र जमादार पांडेय का भी पुराना मकान देर रात तेज बारिश के चलते गिर गया। मकान गिरने से उसमें रखा घरेलू सामान मलबे के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक मकान गिरने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। दोनों मकानों के गिरने के बाद बड़ी मात्रा में मलबा गली में जा गिरा, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इससे ग्रामीणों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीण एकजुट होकर मलबा हटाकर रास्ता खोलने का प्रयास कर रहे हैं।
विज्ञापन
3 of 6
बारिश से गिरे मकान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण गांव में कई पुराने और जर्जर मकान खतरे की स्थिति में पहुंच गए हैं। ऐसे मकानों में रहने वाले परिवारों में भी हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जर्जर मकानों का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। गनीमत रही कि दोनों मकान देर रात उस समय गिरे जब उनके अंदर कोई मौजूद नहीं था। यदि परिवार के लोग मकान के अंदर होते तो गंभीर हादसा हो सकता था। लगातार बारिश को देखते हुए ग्रामीणों ने जर्जर भवनों को लेकर प्रशासन से सतर्कता बरतने की मांग की है।
4 of 6
बारिश में गिरी दीवार।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तेज बारिश में पड़ोसी के मकान की दीवार गिरी
राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनपुर में शनिवार देर रात तेज बारिश और हवाओं के चलते पड़ोसी के मकान की दीवार भरभराकर दूसरे के घर में बने टिन शेड पर जा गिरी। हादसे में टिन शेड के नीचे रखा अनाज, मोटरसाइकिल, बेड, साइकिल समेत अन्य घरेलू सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय टीन शेड के नीचे कोई व्यक्ति नहीं सो रहा था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। ग्राम चंदनपुर निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पड़ोस में सतेंद्र दीक्षित पुत्र राम स्वरूप दीक्षित का मकान है। मकान की छत पर बनी दीवार शनिवार देर रात करीब 11 बजे तेज बारिश और हवा के बीच अचानक तेज आवाज के साथ गिर गई। दीवार उनके मकान में बने टिन शेड के ऊपर जा गिरी। दीवार गिरने से टिन शेड के नीचे रखा सरसों, गेहूं और मक्का का अनाज मलबे में दब गया। इसके अलावा मोटरसाइकिल, बेड, साइकिल और अन्य जरूरी सामान भी दीवार के मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद लोग जाग गए। बाहर निकलकर देखा तो टीन शेड का काफी हिस्सा मलबे में दबा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाकर दबे हुए सामान को बाहर निकालने का प्रयास किया। परिजनों के मुताबिक बारिश के कारण पहले से ही हालात खराब थे और तेज हवा के बीच अचानक दीवार गिरने से घर में रखा जरूरी सामान बर्बाद हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
विज्ञापन
5 of 6
बारिश में गिरा ट्रांसफर और खंभे।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तेज बारिश और हवा में ट्रांसफार्मर पोल समेत गिरा, 16 घंटे से बिजली गुल
थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसराना में शनिवार शाम तेज बारिश और हवा के चलते विद्युत ट्रांसफार्मर पोल समेत जमीन पर गिर गया। ट्रांसफार्मर के गिरने से विद्युत लाइन के चार अन्य पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों के अनुसार करीब 16 घंटे बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव निवासी उमेश कुमार ने बताया कि शनिवार शाम लगातार तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान तेज हवा के कारण विद्युत ट्रांसफार्मर लगा पोल अचानक गिर गया। ट्रांसफार्मर के साथ विद्युत लाइन के चार अन्य पोल भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए। पोल और ट्रांसफार्मर गिरने के बाद गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में लगे विद्युत उपकरण बंद हो गए हैं। वहीं रात के समय भी ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ा। लंबे समय से बिजली न आने के कारण लोगों को पेयजल समेत अन्य जरूरी कामों में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त पोल और ट्रांसफार्मर को जल्द ठीक कराकर गांव की बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
सड़क पर गिरा बिजली का खंभा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एटा के सकीट में रविवार को सुबह से तेज हवा के साथ बारिश हो रही थी। हवा के तेज झोंके से आंबेडकर पार्क के पास लगा विद्युत पोल जड़ से उखड़ गया और बीच सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस समय मार्ग पर कोई वाहन या राहगीर नहीं था। पोल गिरने से दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। जिससे राहगीरों और को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।