एटा में खड़ी बस को कंटनेर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वाहनों के टकराने पर तेज धमाके के साथ कई लोग इसकी चपेट में आ गए। पांच लोगों की माैत हो गई। 12 लोग घायल हो गए। हादसे के मंजर को देख लोगों की रूह कांप गई।
एटा के अलीगंज रोड पर देर रात हुए भीषण हादसे ने पांच लोगों की जान ले ली। कंटेनर ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बस करीब 50 मीटर तक आगे चली गई। इससे आसपास खड़े लोग बस की चपेट में आ गए। आगे खड़े लोग तो बस के साथ घसीटते हुए चले गए। उनमें चालक भी शामिल था। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद वहां चीख-पुकार और अफरा-तफरी की स्थिति रही। बस यात्री राम अवतार ने बताया कि टक्कर के दौरान वह बस के भीतर बैठे थे, तभी तेज झटका लगा और धमाका सा हुआ। इसके बाद तो चीख-पुकार मचने लगी। कैंटर की गति काफी तेज थी। बस टक्कर के बाद करीब 50 मीटर तक बढ़ी चली गई। इसके आगे जो लोग खड़े थे वह बस के नीचे आ गए। वह भी बस के साथ घसीटते हुए चले गए। घटना का मंजर देख रूह कांप गई।
विज्ञापन
2 of 10
घायलों को ले जाती एंबुलेंस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सूचना पर करीब चार किलोमीटर दूर स्थित बागवाला थाने की पुलिस भी आ गई। पास के गांव कीलरमऊ से लोग हादसे की आवाज सुनकर दौड़े चले गए। बचाव कार्य शुरू किया गया। बस के भीतर से बदहवास लोगों को बाहर निकाला गया। बस के नीचे से बमुश्किल लोग बाहर खींचे जा सके। घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घटना की सूचना पर डीएम अरविंद सिंह, एएसपी डॉ. इलामारन जि., एएसपी श्वेताभ पांडेय, एसडीएम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उनकी देखरेख में तेजी से बचाव कार्य शुरू किया गया।
सीएनजी सिलिंडर में लग सकती थी आग
जो कंटेनर बस से टकराया था वह सीएनजी से संचालित था। उसमें नीचे की तरफ सीएनजी के दो टैंक लगे हुए थे। गनीमत रही कि गैस की लीकेज नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद रात करीब साढ़े 11 बजे एंबुलेंस मृतकों और घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंची तो वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। दर्द से कराहते घायलों और मृतकों के शव को देखकर हर कोई सिहर गया। डीएम-एसएसपी और अन्य प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की देखरेख में मरीजों का उपचार किया गया। रात दो बजे तक अधिकारी वहां जमे रहे।
4 of 10
अस्पताल में भर्ती घायल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटनास्थल गांव कीलरमऊ जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर है। बृहस्पतिवार की देर रात करीब 10:45 बजे हादसा हुआ। इसके करीब 25 मिनट बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बस से निकले घायल दर्द से कराह रहे थे। एंबुलेंस की दो गाड़ियों से उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया गया। करीब 11:30 बजे एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में दाखिल हुईं। सायरन के शोर से वहां का सन्नाटा टूटा। इनमें नवाबगंज निवासी विनय कुमार (30) और पूनम (32) को लेकर पहुंची। इसके थोड़ी ही देर बाद अन्य घायलों व मृतकों को लेकर एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंच गई। इमरजेंसी में एक साथ कई घायलों व मृतकों को देखकर चिकित्सक समेत स्टाफ नर्स के हाथ-पैर फूल गए।
विज्ञापन
5 of 10
अस्पताल में भर्ती घायल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घायलों को तत्काल इमरजेंसी में भर्ती कराकर प्राथमिक उपचार देना शुरू कर दिया गया। रात 11:50 मिनट तक सभी घायलों को इमरजेंसी लाया गया। इस दौरान इमरजेंसी में सिर्फ एक फार्मासिस्ट, 6 वार्ड बॉय, एक जूनियर रेजिडेंट और 5 स्टाफ नर्स मौजूद थे। घायलों की संख्या अधिक होने पर 5 चिकित्सक तत्काल बुलाए गए। इसके बाद उनका उपचार शुरू किया गया। वहीं घायलों के तीमारदार भी इमरजेंसी पहुंच गए जहां चीख-पुकार मची रही।
विज्ञापन
6 of 10
माैके पर पहुंचे अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डीएम, एसएसपी भी मौके पर पहुंचे, घायलों का हाल जाना
हादसे के बाद जिलाधिकारी अरविंद सिंह, एसएसपी डॉ. इलामारन जि., एएसपी श्वेताभ पांडेय, सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद समेत अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी घटनास्थल के बाद इमरजेंसी पहुंचे। यहां पर जिलाधिकारी व एसएसपी ने घायलों को ढांढस बंधाया और घटना की जानकारी ली। रात दो बजे तक इमरजेंसी में घायलों को उपचार दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी व एसएसपी कीलरमऊ गांव के पास घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
विज्ञापन
7 of 10
एटा में भीषण हादसा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कंटेनर ने रोडवेज बस में मारी टक्कर
एटा-अलीगंज मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात 10:45 बजे खराबी आने के कारण सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से आए कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। मृतकों में से चार फर्रुखाबाद और एक बुलंदशहर जनपद का रहने वाला था। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। रात में ही शवों का पोस्टमार्टम कराकर शुक्रवार तड़के परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
8 of 10
शैलेष और सतेंद्र का फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एटा डिपो की बस फर्रुखाबाद के नवाबगंज से दिल्ली जा रही थी। बस जब बागवाला थाने से आगे गांव कीलरमऊ के पास पहुंची तो अचानक बस के अगले पहिये की रबर बैरिंग कट गई। पहिये से आवाज आने पर चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस में करीब 40 यात्री थे, इनमें से आधे से ज्यादा गर्मी के कारण बस के बाहर आकर खड़े हो गए। इनमें से कुछ बस के आसपास खड़े थे जबकि कुछ आगे थे।
9 of 10
आशीष और राजेश का फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सड़क करीब सात मीटर चौड़ी थी। बस का आधा हिस्सा सड़क पर और आधा हिस्सा कच्ची पटरी पर था। इसी बीच सामने से एक कैंटर और पीछे से तेज गति से एक कंटेनर आ रहा था। कंटेनर चालक ने खड़ी बस को ओवरटेक कर आगे निकलना चाहा, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सका। तेज गति के कारण कंटेनर बस में जा टकराया। इसके बाद सामने से आ रहे कैंटर से भी उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस तेजी से आगे की ओर बढ़ी और कैंटर भी रोड किनारे गड्ढे में जा घुसी। इससे बस के आसपास खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सभी घायल यात्रियों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने 5 को मृत घोषित कर दिया। 12 यात्रियों का उपचार किया गया।
इनकी हुई मौत
1- राजेश (34) पुत्र राम सिंह निवासी दौलतपुर, थाना नवाबगंज, फर्रुखाबाद
2- सतेंद्र (38) पुत्र रामकुमार निवासी गांव भर्रा, थाना सियाना, बुलंदशहर
3- सुखराम (34) पुत्र राजपाल निवासी नौगांव पिलखना, फर्रुखाबाद
4- शैलेश कुमार (29) पुत्र जोगराज सिंह निवासी उमरपुर, थाना नवाबगंज, फर्रुखाबाद
5- आशीष उर्फ अंकित (26) पुत्र सुरेश चंद्र सक्सेना, निवासी वीरसिंहपुर, थाना नवाबगंज, फर्रुखाबाद
ये हुए हैं घायल
आनंद कुमार सेक्टर 34 नोएडा, विवेक कुमार, विक्रांत, सुमित, पूनम पत्नी राजेश निवासीगण नवाबगंज फर्रुखाबाद, यतेंद्र निवासी गांव हमीरपुर नवाबगंज, फर्रुखाबाद, रवि कुमार निवासी ज्ञानेशपुर थाना मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद, रिशु पत्नी मुकेश निवासी खनवारा निरूपुर फर्रुखाबाद, विशाल निवासी अचरैया बाकरपुर फर्रुखाबाद, दक्ष (26) पुत्र दिवाकर निवासी न्यू बस्ती मेरठ, बृजेश निवासी बाचमई, अमांपुर, कासगंज, बस चालक नितय कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी एटा।
बागवाला थाना क्षेत्र में रोडवेज बस खराब होने पर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी बीच पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी। बाहर जो लोग खड़े थे वह बस की चपेट में आ गए। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। 12 लोग घायल हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया जा रहा है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। -अरविंद सिंह, डीएम, एटा